बेल्जियन नस्ल के इस कबूतर का नाम ‘बोल्ट’ है। हाल ही में हुई एक नीलामी में एक चीनी कारोबारी ने इस कबूतर को दो करोड़ रुपए की चौंका देने वाली कीमत पर खरीदा। यह कबूतर दौड़ने में भी माहिर है।
उम्मीद की जा रही है कि बोल्ट के नए मालिक इसका इस्तेमाल अन्य कबूतरों के प्रजनन में करेंगे।
इस नीलामी में सबसे मंहगे बिकने वाले 10 कबूतरों में से नौ कबूतरों के खरीददार या तो चीन से थे या ताईवान से।
बेल्जियम के लियो हरमन्स कबूतर पालने के अपने शौक की वजह से बहुत शोहरत पा चुके हैं। बोल्ट की परवरिश लियो हरमन्स ने ही की है। इसी नीलामी में उन्होंने अपना पूरा कलेक्शन बेच दिया।
हरमन्स का कलेक्शन
कबूतरों की इस नीलामी से जुड़े निकोलस ग्सेलब्रेट ने समाचार एजेंसी रायटर्स से कहा, "पिकासो की कोई पेंटिंग की कीमत किसी अनजाने कलाकार की पेंटिंग से कहीं ज्यादा होती है. इस कबूतर के साथ भी ठीक ऐसा ही है।"
इस कबूतर का नाम ओलम्पिक स्वर्ण पदक विजेता और दुनिया के सबसे तेज धावकों में शुमार किए जाने वाले उसैन बोल्ट के नाम पर रखा गया है।
लियो हरमन्स के कलेक्शन में कुल 530 पक्षी थे जिन्हें इस नीलामी में बेचा गया। हरमन्स को अपने इस खजाने के लिए 30 करोड़ रुपए से भी ज्यादा की रकम मिली।
इससे पहले साल 2011 में हुई ऐसी ही एक क्लिक करें नीलामी में दौड़ने में माहिर एक कबूतर की कीमत 13 लाख रुपए लगाई गई थी। उस वक्त भी खरीददार एक चीनी व्यक्ति ही था।