विलियम ओलिवर हीले द्वारा ब्रेग्जिट पर दूसरे जनमत संग्रह के लिए शुरू की गई याचिका पर रविवार तक 30 लाख से ज्यादा लोगों ने हस्ताक्षर किए। यह याचिका सिर्फ 48 घंटे पहले शुरू की गई थी। यूके की संसद की आधिकारिक वेबसाइट पर रविवार की सुबह तक 30 लाख 48 हजार लोग हस्ताक्षर कर चुके हैं।
हाउस ऑफ कॉमन्स में किसी विषय पर चर्चा के लिए जरूरी एक लाख हस्ताक्षर के आंकड़े को यह याचिका पार कर चुकी है। कंजर्वेटिव सांसद बेन होवलेट ने ट्विटर पर इस बात की पुष्टि की कि मंगलवार को हाउस ऑफ कॉमन्स में सेलेक्ट कमेटी इस याचिका पर चर्चा करेगी।
याचिका पर हस्ताक्षर करने वालों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए लेबर सांसद डेविड लैमी ने साथी संासदों से अपील की कि वे शुक्रवार को हुए जनमत संग्रह के नतीजों को नजरअंदाज करें। वह सिर्फ एक सलाह थी। ट्विटर पर उन्होंने कहा कि हम इस उतावलेपन को रोक सकते हैं और संसद में वोट के जरिए इस संकट का समाधान कर सकते हैं।
हमारी संसद में अब इस बात पर मतदान की जरूरत है कि हमें यूरोपीय संघ से बाहर होना चाहिए या नहीं। यह जनमत संग्रह सिर्फ एक एडवाइजरी थी, एक ऐसा जनमत संग्रह जिससे हम बंधे नहीं हैं।
दरअसल, यूरोपीय संघ से अलग होने के पक्ष में वोट देने वाले ज्यादातर मतदाता अब अपने निर्णय पर पश्चाताप कर रहे हैं और दोबारा बने रहने के पक्ष में वोट करना चाहते हैं।