जेनेवा में यूनाइटेड नेशन्स ह्यूमन राइट काउंसिल में भारत ने कहा कि पाकिस्तान जम्मू-कश्मीर में सीमा पार आतंकवाद को खुले आम समर्थन करता है और यूएन द्वारा नामांकित आतंकी हाफिज सईद को सहायता देता है।
UNHRC के 37वें सत्र को संबोधित करते हुए भारत के स्थायी मिशन के सचिव मिनी देवी कुमाम ने कहा कि पाकिस्तान एक विफल राज्य है, हाफिज सईद जैसे आतंकी पाकिस्तान में खुले आम आतंकी गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हमें इंतजार है कि पाकिस्तान सरकार हाफिज पर कब कार्रवाई करेगी और कब 2008 में मुंबई में हुए धमाकों और 2016 में पठानकोट और उड़ी के दोषियों को पकड़ेगी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान मानवाधिकार पर हमें भाषण न दे, हमें ऐसे राज्य से सलाह नहीं चाहिए जो खुद आंतरिक रूप से विफल हो।
कुमाम ने कहा कि हमने काउंसिल से कहा है कि वह पाकिस्तान द्वारा सिंध, बलूचिस्तान, खैबर औऱ पख्तून में हो रहे अत्याचारों को रोके और पत्रकारों की हो रही हत्याओं पर रोक लगवाए। भारत ने पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों के साथ हो रही हिंसा पर भी चिंता जताई।