बुधवार को जारी एक ताजा सर्वे के मुताबिक ब्रिटेन में आधी से ज्यादा कामकाजी महिलाओं को ऑफिस मे यौन शोषण का सामना करना पड़ता है। यौन शोषण का शिकार 80 फीसदी महिलाओं ने कहा कि उन्होंने इस संबंध में अपनी कंपनी में ऑफिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई।
सर्वे में शामिल हर पांच में से एक महिला ने कहा कि उनके ठीक ऊपर काम करने वाला बॉस ही उनके साथ ही गलत हरकतें करता है। एक चौथाई महिलाओं ने कहा कि वो ज्यादातर मामलों में इसलिए शिकायत दर्ज नहीं कराती है क्योंकि उन्हें लगता है कि उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जाएगा।
ट्रे़ड यूनियन कांग्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक 18 से 24 साल की उम्र में काम करने वाली दो-तिहाई महिलाओं को ऑफिस में यौन शोषण का सामना करना पड़ता है। ट्रे़ड यूनियन कांग्रेस, की प्रवक्ता एलिस हुड ने बताया, 'यह आंकड़े चौंकने वाले हैं। यौन शोषण अभी भी कामकाजी महिलाओं के लिए एक बड़ी समस्या है। निश्चित तौर पर इसे खत्म होना चाहिए।'