ब्रिटेन में भारतीय मूल के एक शख्स का जन्मदिन उस वक्त दु:स्वप्न में बदल गया जब उसकी गर्लफ्रेंड ने पुलिस बुलाकर उसके खिलाफ ही नशे की हालत में गाड़ी चलाने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करा दी। इसके बाद उन दोनों के संबंधों का अंत हो गया।
बताया जाता है कि कमलजीत सागू अपनी गर्लफ्रेंड के साथ 18 जून को अपना 44वां जन्मदिन मनाने के लिए निकले थे। लांगबेंटन में अपने घर को लौटने के दौरान गर्लफ्रेंड से उनका झगड़ा हो गया। इसके बाद कमलजीत अपनी कार से सिगरेट पेपर खरीदने के लिए निकले। इसी दौरान उनकी महिला मित्र ने पुलिस को फोन करके उनके नशे की हालत में वाहन चलाने की सूचना दे दी।
अभियोजक लोर्ना रिमेल ने नार्थ टिनेसाइड की मजिस्ट्रेटी अदालत को बताया कि कमलजीत के नशे की हालत में गाड़ी चलाने की सूचना उनकी गर्लफ्रेंड ने दी और बाद में पुलिस ने उन्हें ड्राइविंग सीट पर पाया। अदालत ने नशे की हालत में गाड़ी चलाने के लिए कमलजीत पर जुर्माना लगाया और साथ ही 17 महीनों के लिए उसे ड्राइविंग से प्रतिबंधित कर दिया।