हिंदू संगठनों और मंदिरों के समूह हिंदू फोरम ऑफ ब्रिटेन (एचएफबी) ने बैंक ऑफ इंग्लैंड से 5 पाउंड के नए नोट को सर्कुलेशन से वापस लेने की मांग की है। संगठन का कहना है कि इस नोट में एनिमल फैट का इस्तेमाल किया गया है।
फोरम के मुताबिक यह दुर्भावनापूर्ण कदम नहीं, बल्कि अनजाने में हुई गलती है। संगठन ने अपील करते हुए कहा है कि इन नोटों को जल्द से जल्द 'कर्म-फ्री' कर देना चाहिए। ब्रिटेन स्थित इस्कॉन मंदिर के डायरेक्टर और एचएफबी के आध्यात्मिक कमिश्नर श्रीगौरीदास ने कहा कि जानवरों को गैरजरूरी नुकसान पहुंचाकर बनाए गए नोटों के रूप में लक्ष्मी को संभाल कर रखना और बाकियों के साथ साझा करना काफी विरोधाभासी है।
यह समूह लोगों से अपील कर रहा है कि वे भी इन नोटों को वापस लेने के लिए याचिका पर हस्ताक्षर करें। नोट को छापने में एनिमल फैट के इस्तेमाल पर शाकाहारी लोगों ने गहरी आपत्ति जताई है। इस एनिमल फैट को टैलो कहते हैं।
समूह की 'बैंक नोट से टैलो हटाओ' नाम की याचिका पर अब तक 1 लाख 26 हजार लोगों ने हस्ताक्षर किए हैं। याचिका पर डेढ़ लाख लोगों के हस्ताक्षर हो जाने के बाद इसे बैंक ऑफ इंग्लैंड को दिया जाएगा।
इसमें लिखा है, '5 पाउंड के नोट में टैलो के रूप में एनिमल फैट है। ब्रिटेन के लाखों शाकाहारी लोगों को यह अस्वीकार है। हम आपसे मांग करते हैं कि करेंसी के उत्पादन में एनिमल प्रोडक्ट का इस्तेमाल बंद किया जाए।' ब्रिटेन में 5 पाउंड के नोट इसी साल सितंबर में जारी किए गए थे। इन नए नोटों पर विश्वयुद्ध के समय ब्रिटेन के प्रधानमंत्री रहे विंस्टन चर्चिल की तस्वीर है।
'कैंडल और साबुन में भी इस्तेमाल होता है टैलो'
- फोटो : Getty Images
कैंब्रिज के यूनिवर्सिटी टाउन में एक शाकाहारी कैफे ने भी इन नए नोटों को लेने से अस्वीकार किया है। रेनबो कैफे की मालिक शेरोन मिजलैंड ने इस पॉलिसी के बारे में ग्राहकों को साावधान करने के लिए चेतावनी भी लगाई है।
उन्होंने कहा, 'टैलो एक पशु उत्पाद है। हमारा पूरा बिजनेस इस पर आधारित है कि हम इस तरह का कुछ भी अपने परिसर में न रखें। यद्यपि हमारे यहां वह व्यक्ति पैसे को नहीं संभालता, जो खाद्य सामग्रियों को संभालने का काम करता है, लेकिन हमारा मुद्दा यह नहीं है।'
बैंक ऑफ इंग्लैंड ने कहा है कि वह इन नोटों को चलन से बाहर निकालने के तरीकों पर विचार कर रहा है। बैंक के प्रवक्ता ने कहा, '5 पाउंड के नए नोट को लेकर कुछ लोगों की आपत्ति है और हम इस बारे में जानते हैं। हम उनकी आपत्तियों को सम्मान करते हैं और इस मसले पर पूरी गंभीरता से ध्यान दे रहे हैं।'
इस बीच पॉलिमर बैंक नोट की ऑस्ट्रेलियन पॉयनियर ने 5 पाउंड के नोट को लेकर शाकाहारी लोगों के विरोध को बेवकूफी बताया है। प्रोफेसर डेविड सोलोमन ने कहा कि पॉलिमर नोट में टैलो की मात्रा नगण्य होती है, जोकि कैंडल और साबुन में भी इस्तेमाल किया जाता है।