पश्चिमी जर्मनी के शहर म्युनस्टर में शनिवार को एक कार फुटपाथ पर खड़ी भीड़ के ऊपर चढ़ गई। पुलिस व स्थानीय मीडिया की खबरों के अनुसार, इस घटना में 4 आदमियों की मौत हुई है और करीब 30 आदमी गंभीर घायल हुए हैं। उधर, पुलिस ने ड्राइवर के खुद गोली मारकर आत्महत्या कर लेने के बावजूद जांच से पहले तत्काल इसे किसी प्रकार का आतंकी हमला मानने से इनकार कर दिया है।
शहर पुलिस के प्रवक्ता के अनुसार, कार ने फुटपाथ पर खड़े लोगों को सीधी टक्कर मारी और फिर संदिग्ध ड्राइवर ने खुद को गोली मार ली। लेकिन अभी तत्काल कुछ नहीं कहा जा सकता है। आतंकी हमले के पहलू की जांच की जा रही है। क्षेत्रीय पुलिस सेवा ने भी ट्वीट में यही कहा। पुलिस ने जनता से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।
करीब 3 लाख निवासियों के खूबसूरत मध्ययुगीन शहर म्युनस्टर के मध्य में स्थित घटनास्थल पर जर्मन टेलीविजन के प्रसारण में सैकड़ों पुलिसकर्मी और फायरफाइटरों की भीड़ दिखाई दे रही है। शहर में हथियारबंद पुलिस को उतार दिया गया है, जबकि अधिकारी स्थानीय निवासियों से जांचकर्ताओं का काम आसान बनाने के लिए शहर के मध्य क्षेत्र की तरफ नहीं आने की अपील कर रहे हैं।
आईएस के निशाने पर यूरोप
- 19 दिसंबर, 2016 को बर्लिन में 24 वर्षीय ट्यूनिशियाई नागरिक अमरी ने भीड़ पर ट्रक चढ़ाकर 12 को मार दिया था और 48 घायल हुए थे। अमरी चार दिन बाद पुलिस की गोली से मारा गया था। इस हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन आईएस ने ली थी।
- अगस्त, 2017 में बार्सिलोना में आईएस के हमले में 14 आदमी मारे गए थे और 100 घायल हुए थे।
- 14 जुलाई, 2016 को राष्ट्रीय अवकाश पर फ्रांस में पर्यटकों का शहर कहे जाने वाले नीस सिटी में भीड़ पर एक उन्मादी के ट्रक चढ़ा देने से 86 की मौत हो गई थी।