फ्रांस में तीन और चार साल के दो बच्चों के पिता को इसलिए जेल की सजा दी गयी है क्योंकि वह बच्चों को केवल कोका-कोला पिलाता था। बच्चों के वकील ने इस बात की जानकारी दी। फ्रेंच विक्टिम्स 87 नामक संगठन की प्रतिनिधि और बच्चों की ओर से पक्ष रख रही वकील कैरोल पापोन ने कहा कि पिता पढ़-लिख नहीं सकता और ना ही गिन सकता है। वह हालात की गंभीरता भी नहीं समझ पा रहा और कल्याण राशि के रूप में मिली पूरी कमाई शराब पर खर्च कर चुका है।
परिवार को कल्याण राशि देने के कुछ दिन के भीतर परिवार के पास खाने-पीने के लिए कुछ नहीं बचता था। उन्होंने कहा कि उनके पास केवल पीने के लिए
कोका-कोला थी। पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट करने वाले पिता को लिमोज में बुधवार को तीन महीने के लिए जेल भेज दिया गया। बड़े बेटे के सात सड़े हुए दांत निकाले गए हैं जबकि दूसरा बेटा बोल नहीं सकता।
दोनों बच्चों का संगठन ध्यान रख रहा है और उन्हें मीट और
सब्जियां खाने के लिए दी जा रही हैं। पब्लिक प्रॉसिक्यूटर ने बताया, उनके फ्लैट में कुछ नहीं था। कोई फ्रिज भी नहीं था। बच्चे चटाई पर सोया करते थे और उनके पास खेलने के लिए एक भी खिलौना नहीं था। पिता उन्हें खाने में केक और कोका कोला दिया करता था।