स्पाइडरमैन की तरह बच्चे को बचाता शख्स
पेरिस में अवैध तरीके से रह रहे माले के एक नागरिक ने जब बालकनी से लटकते हुए बच्चे की जान बचाई थी तो वह पूरी दुनिया में हीरो बन गया था। इस अवैध प्रवासी का नाम ममूडू गसामा है। वह दुनिया में स्पाइडरमैन के नाम से मशहूर हो गया है। लेकिन बच्चे के पिता को मंगलवार को कोर्ट में पेश होना पड़ेगा। जहां अब उन्हें लापरवाही के लिए आरोपित किया जाएगा।
अपने साहसिक काम के लिए दुनिया भर में मशहूर होने के बाद ममूडू को अब फ्रांस की
नागरिकता और दमकल सेवा में नौकरी मिल चुकी है। लेकिन चार साल के बच्चे के पिता, जिनके नाम का खुलासा नहीं किया गया है, अपने छह मंजिले अपार्टमेंट में बच्चे को अकेला छोड़ देने को लेकर संभावित आपराधिक दोषसिद्धी का सामना कर रहे हैं। दरअसल, घटना के वक्त बच्चे के पिता किराने (परचून) का सामान खरीदने गए थे।
पेरिस के अभियोजक फ्रांस्वा मोलिंस ने कहा कि घटना के समय बच्चे के पिता ने घर लौटने में भी देरी की, क्योंकि वह अपने फोन पर लोकप्रिय गेम
‘पोकिमोन गो’ खेलना चाह रहे थे। बच्चे के पिता के वकील रोमैन रुइज ने कहा कि अभियोजकों ने पूरे मामले के तथ्यों को संदर्भ से हटकर पेश किया है। लेकिन अभियोजक ने कहा कि 37 साल के पिता ने स्वीकार किया कि उन्होंने ‘वाकई कुछ बेवकूफाना किया’ है। रुइज ने कहा, ‘वह अपनी किस्मत अदालत पर छोड़ रहे हैं।’
(भाषा से इनपुट)