चरमपंथियों पर लगाम लगाने के लिए ब्रितानी पुलिस मुस्लिम महिलाओं से एक अनोखी अपील कर रही है। पुलिस की चरमपंथ विरोधी शाखा के अधिकारी मुस्लिम महिलाओं से कह रहे हैं कि सीरिया में जारी लड़ाई में शामिल होने के लिए जा रहे अपने रिश्तेदारों को वो लोग रोकें।
सीरिया में राष्ट्रपति असद की सरकार के ख़िलाफ़ चल रहे गृह युद्ध में शामिल होने वाले ब्रितानी पुरुषों की हाल में बड़ी संख्या में मृत्यु हुई है। इसी के मद्देनज़र महिलाओं से हस्तक्षेप किए जाने को बढ़ावा देने के लिए एक राष्ट्रीय स्तर के अभियान की शुरुआत की गई है।
इस संबंध में अपील के लिए लंदन, बर्मिंघम और मानचेस्टर जैसे शहरों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सुरक्षा अधिकारियों का मानना है कि सैकड़ों की संख्या में लोग ब्रिटेन से सीरिया पहुंचे हैं, जिनमें से कुछ लौट आए हैं।