ब्रिटेन में हिजाब पहनी एक महिला पर ब्रिटिश व्यक्त की टिप्पणी का विरोध करने पर भारतीय मूल के छात्र को नस्लीय हमले का शिकार होना पड़ा। ब्रिटिश व्यक्ति ने चिल्लाते हुए उसे कहा, ‘ब्रेग्जिट, गो बैक होम।’
राजनीति विज्ञान के छात्र रिकेश आडवाणी कैंब्रिज विश्वविद्यालय में पढ़ाई करते हैं। कैंब्रिज अस्पताल में एक श्वेत शख्स ने एक हिजाब पहनी महिला पर अभद्र टिप्पणियां की। बेघर लोगों के लिए चैरिटी चलाने वाले आडवाणी ने महिला पर उस व्यक्ति की टिप्पणियों का विरोध किया।
उन्होंने कहा कि मैंने सबसे पहले उसे विनम्रता से रोका और मुझे उम्मीद थी कि यह खत्म हो जाएगा। उस स्थिति में कोई भी इंसान अपनी गलती स्वीकार करेगा लेकिन वह बेवजह मेरे साथ आक्रामक हो गया। चौंकाने वाले वीडियो में दिख रहा है कि पहले तो उस शख्स ने आडवाणी को चुप हो जाने को कहा और वहां से निकलने से पहले कहा कि ‘ब्रेक्जिट, गो बैक होम।’
खबर में पुलिस के एक प्रवक्ता के हवाले से कहा गया है कि जांच चल रही है। अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई। वहीं कॉर्नफोर्ड हाउस सर्जरी ने इस पूरी घटना पर माफी मांगी है।
लोगों का साथ न मिलने से निराश
आडवाणी ने कहा कि मैंने जो सुना उससे मैं पूरी तरह नाराज था और मुझे विश्वास नहीं हो सका कि 2018 में लोग ऐसे हो सकते हैं। वहीं जब उन्होंने नस्लीय और लिंगभेद वाली टिप्पणियों का विरोध किया तो किसी भी अन्य मरीज ने उनका साथ नहीं दिया और इस बात से वह काफी निराश हुए।