इंग्लैंड के ब्राइटन में एक ऐसा वाकया सामने आया है, जहां नशे में धुत्त एक किशोरी का कुछ स्थानीय फुटबॉल खिलाड़ियों ने यौन उत्पीड़न किया और उसकी अधनंगी तस्वीरें खींच लीं।
यह घटना जुलाई 2011 की बताई जाती है और अब यह मामला अदालत में है।
अदालत में हुई सुनवाई के दौरान पता चला है कि एंटन रोजर्स, लेविस डंक, जॉर्ज बेकर और स्टीव कुक ने मैच जीतने की खुशी में शराब पी। पीड़ित लड़की भी नशे में थी जिसे वे अपने साथ होटल के कमरे में ले गए जहां उसका यौन उत्पीड़न किया गया।
'बेसुध होने का फायदा उठाया'
अदालत में मामले की सुनवाई के पहले दिन अभियोजन के वकील रिचर्ड ब्रेटन ने कहा कि यह एक ऐसा मामला है जिसमें युवा पेशेवर फुटबॉल खिलाड़ियों ने जीत के जश्न में शराब पीकर एक लड़की का हालत फायदा उठाया जो खुद नशे में थी और स्वाभाविक रूप से विरोध की स्थिति में नहीं थी।
उनका कहना है कि लड़की को होटल ले जाकर इन खिलाड़ियों ने उसके बेसुध होने का इंतज़ार किया और इसके बाद उसका यौन उत्पीड़न किया।
अदालत को बताया गया कि पीड़ित लड़की डर के मारे इस बारे में पुलिस को छह महीने तक कुछ नहीं बता पाई, लेकिन जब अन्य फुटबॉल खिलाड़ियों ने उसे ताने कसने शुरु कर दिए जिसके बाद उसने इस घटना की शिकायत की।
अभियोजन के वकील रिचर्ड ब्रेटन ने कहा कि लड़की विरोध करने या सहमति देने या घटना को रोकने की स्थिति में नहीं थी। पीड़ित लड़की की तरफ से अदालत को बताया गया कि इन खिलाड़ियों ने बेसुध हालत में उसकी अधनंगी तस्वीरें उतारीं और जब इन तस्वीरों को मिटाने का आग्रह किया तो उन्होंने इससे इनकार कर दिया।
इस मामले में मुकदमे की सुनवाई अभी जारी है।