‘ब्रेक्जिट’ के बाद भी यूरोपीय संघ से मजबूत आर्थिक संबंध बनाए रखने को लेकर अपनी पार्टी को एकजुट करने के प्रयास में जुटी ब्रिटिश प्रधानमंत्री टेरीजा मे को बड़ा झटका लगा है। ब्रिटेन के ब्रेक्जिट मंत्री डेविड डेविस और उनके एक सहयोगी ने रविवार देर रात अपने पद से इस्तीफा दे दिया। डेविस ने रविवार को टेरीजा मे को लिखे एक पत्र में कहा, ‘हम ईयू मध्यस्थों को बहुत ज्यादा और बहुत जल्दी दे दे रहे हैं। इस रणनीति से हम बातचीत की कमजोर स्थिति में आ जाएंगे और संभव है कि उससे बच निकलना भी मुश्किल होगा। इस समय यह एक खतरनाक रणनीति है।’
शुक्रवार को कैबिनेट ने ब्रसेल्स के साथ बातचीत की योजना को मंजूरी दी थी
ब्रिटिश मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक उप ब्रेक्जिट मंत्री स्टीव बेकर ने भी इस्तीफा दे दिया है। दोनों के इस्तीफा देने से पहले शुक्रवार को ही कैबिनेट ने उस योजना को मंजूरी दी थी, जिसमें ब्रसेल्स के साथ बातचीत के रास्ते खोलने के प्रयास संबंधी बातें शामिल थीं। डेविस ने 2016 के जनमत संग्रह में ब्रेक्जिट के लिए प्रचार किया था। डेविस ने कहा कि उनके इस्तीफे से हो सकता है सरकार पर थोड़ा दबाव बने और वह कोई और खतरनाक कदम उठाने से बचें। मैं लगातार यह कहता रहूंगा कि इस समझौते को इससे भी अच्छे तरीके से किया जा सकता है।
आपके काम के लिए धन्यवाद : मे
डेविस के पत्र का जवाब देते हुए टेरीजा मे ने कहा कि शुक्रवार को मंत्रिमंडल में हम जिस नीति पर सहमत हुए थे, उसके बारे में आपकी राय से मैं सहमत नहीं हूं। आपके काम के लिए बहुत धन्यवाद।
मीडिया में एक और मंत्री के इस्तीफे की खबरें
ब्रेक्जिट विभाग की एक अन्य मंत्री स्यूला ब्रेवरमैन के इस्तीफे के बारे में भी स्थानीय मीडिया में खबरें चल रही हैं। हालांकि इस खबर की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी। वहीं ब्रेमरमैन ने भी इस खबर पर कोई टिप्पणी नहीं की।