स्टील और एल्युमिनियम पर 25 फीसदी टैरिफ लगाने के अमेरिका के फैसले के जवाब में यूरोपीय संघ (ईयू) ने भी वॉशिंगटन के औद्योगिकी और कृषि उत्पादों पर नए शुल्क लगाने का एलान किया। दुनिया का सबसे बड़ा व्यापारिक ब्लॉक ईयू पहले से अमेरिकी फैसले को लेकर तैयार था। अमेरिका और ईयू के संबंधों में पहले से ही तनाव चल रहा था। लेकिन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप नए फैसले ने इस तनाव को और बढ़ा दिया है। पिछले महीने अमेरिका ने यूरोपीय देशो को चेतावनी दी थी कि उन्हें भविष्य में अपनी सुरक्षा खुद देखनी होगी।
ईयू के टैरिफ अमेरिका से आयात होने वाले करीब 26 अरब यूरो (28 अरब अमेरिकी डॉलर) के उत्पादों पर लागू होंगे। इसमें केवल स्टील और एल्युमिनियम ही नहीं, बल्कि कपड़े, घरेलू उपकरण और कृषि उत्पाद भी शामिल होंगे। मोटरसाइकिल, बोरबोन, पीनट बटर और जींस पर भी टैरिफ लगेंगे, जैसा ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान हुआ था। ईयू ने अमेरिकी राज्यों पर दबाव बनाने के मकसद से इन टैरिफ को लगाने की घोषणा की है। साथ ही यूरोप को अतिरिक्त नुकसान से बचाने की भी कोशिश की गई है। ये टैरिफ खासतौर पर रिपबल्किन पार्टी द्वारा शासित राज्यों को निशाना बनाते हैं, जैसे लुइसियाना में हाउस स्पीकर माइक जॉनसन के क्षेत्र में सोयाबीन, केन्सास और नेब्रास्का में मांस और मुर्गे की पोल्ट्री और अलबामा, जॉर्जिया व वर्जीनिया के कृषि उत्पाद।
यूरोपीय आयोग की प्रमुख उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने एक बयान में कहा कि ईयू बातचीत के लिए हमेशा खुला रहेगा। उन्होंने कहा, जब अमेरिका 28 अरब डॉलर के टैरिफ लगा रहा है, तो हम 26 अरब यूरो के टैरिफ के साथ जवाब दे रहे हैं। आयोग 27 सदस्यों देशों की ओर से व्यापार और वाणिज्यिक विवादों को संभालता है। उन्होंने आगे कहा, हम मानते हैं कि आज की दुनिाया में जहां भू-राजनीतिक और आर्थिक अनिश्चितताएं हैं, वहां यह ठीक नहीं है कि हम अपनी अर्थव्यवस्था पर टैरिफ का बोझ डालें।
UK: ब्रिटेन ने स्टील और एल्युमीनियम पर ट्रंप के टैरिफ को बताया निराशाजनक, कहा- पलटवार नहीं करेंगे
ट्रंप ने कहा था कि उनके टैरिफ से अमेरिका में नौकरियां बढ़ेंगी। इस पर वॉन डेर लेने ने कहा, नौकरियां दांव पर हैं। यूरोप और अमेरिका दोनों में कीमतें बढ़ेंगी। उन्होंने कहा, हम इस कदम पर गहरा अफसोस जताते हैं। टैरिफ कर हैं। ये व्यापार के लिए खराब हैं और उपभोक्ताओं के लिए और भी खराब हैं। ये टैरिफ आपूर्ति श्रृंखलाओं को बाधित कर रहे हैं। ये अर्थव्यवस्था में अनिश्चितता लाते हैं।
ईयू ने यूक्रेन के फैसले का स्वागत किया
वहीं, ईयू ने आज यूक्रेन के रूस के साथ तीस दिन के अस्थायी युद्धविराम प्रस्ताव को स्वीकार करने के फैसले का स्वागत किया। यह फैसला अमेरिका और यूक्रेनी वार्ताकारों के बीच सऊदी अरब में हुई बैठक के बाद लिया गया। ईयू ने कहा कि वह यूक्रेन, अमेरिका और अन्य साझेदारों के साथ मिलकर भविष्य में उठाए जाने वाले कदमों को समर्थन देने के लिए अपनी पूरी भूमिका निभाने के लिए तैयार है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि रूस इस प्रस्ताव को स्वीकार करेगा या नहीं। क्रेमलिन ने कहा कि वह सऊदी अरब में यूक्रेन के साथ हुई वार्ता के परिणामों पर अमेरिका से जानकारी का इंतजार कर रहा है।
संबंधित वीडियो-