अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेटे एरिक ट्रंप ने डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से उप राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी कमला हैरिस पर भारतीय-अमेरिकी समुदाय से दूर भागने का आरोप लगाया है। 55 वर्षीय हैरिस को डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से उप-राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार चुना गया है।
डोनाल्ड ट्रंप से दूसरे बेटे एरिक ट्रंप ने इस सप्ताह की शुरुआत में अटलांटा में 'इंडियन वॉइसेज फॉर ट्रंप' कार्यक्रम के औपचारिक उद्घाटन के दौरान कहा कि कमला हैरिस ने खुद को समुदाय के साथ नहीं जोड़ा है। उन्होंने कहा कि विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी कट्टरपंथी वाम के प्रभाव में आ रही है।
उन्होंने कहा, आप कमला हैरिस की तरफ देखिए। वह भारतीय समुदाय से ताल्लुक रखती हैं लेकिन इससे ही भाग रही हैं। मुझे लगता है कि भारतीय समुदाय को इसके बारे में पता है। और आपको पता है कि वह कभी नहीं कहेंगी कि मैं भारतीय मूल की हूं। दरअसल, वह इसके ठीक उलट ही कहेंगी।
एरिक ने भारतीय अमेरिकी नागरिकों से अपील की कि वह उनके पिता को दोबारा चुनें। बता दें कि ट्रंप के मुकाबले जो बिडेन खड़े हैं जो उन्हें जबरदस्त चुनौती दे रहे हैं।