अमेरिका के लुईसियाना प्रांत स्थित न्यू ऑर्लियंस के चिड़ियाघर में लुप्तप्राय गोरिल्ला प्रजाति में से एक मादा गोरिल्ला अपने पहले बच्चे को जन्म देने वाली है। उसे बाकायदा इसके लिए एक गुड़िया के साथ प्रशिक्षण दिया जा रहा है। तुमानी नाम की इस मादा गोरिल्ला को जिस गुड़िया के सहारे प्रशिक्षण दिया जा रहा है वह भी किसी गोरिल्ला की तरह ही दिखाई देती है।
इस लुप्तप्राय प्राणी की आबादी बढ़ाने के लिए उसे गुड़िया द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है ताकि वह अपने पैदा होने वाले बच्चे को सुरक्षित रख सके। चिड़ियाघर के प्रमुख अधिकारी डॉ. रॉबर्ट मैकलीन ने बताया कि इस गुड़िया (खिलौने) का वजन सामान्य गोरिल्ला बच्चे की तरह चार पाउंड का है।
उन्होंने कहा कि इस खिलौने को मैंने देखा है, यह बेहद ही बदसूरत है लेकिन पूरी तरह से काम करता है। अंतरराष्ट्रीय प्रकृति संघ के मुताबिक, 2016 में जंगल के भीतर अनुमानित रूप से इनकी संख्या 3.62 लाख थी लेकिन यह संख्या हर साल 2.7 फीसदी की दर से गिर रही है।
इसीलिए इन्हें लुप्तप्राय जीवों की श्रेणी में रखा गया है। आशंका है कि 2082 तक इनकी संख्या में 80 फीसदी की गिरावट आ सकती है। इन गोरिल्लाओं के मांस का अवैध शिकार और इबोला वायरस समेत अन्य बीमारियां इनकी आबादी घटने का बड़ा कारण हैं।