सउदी अरब की राजधानी रियाद में भारतीय दूतावास में 28 अक्तूबर से 3 नवंबर 2025 तक भारतीय प्रवासी समुदाय की तरफ से आयोजित सांस्कृतिक उत्सव 'प्रवासी परिचय' का तीसरा संस्करण मनाया जा रहा है। यह कार्यक्रम रियाद में भारतीय दूतावास की पहल है, जिसे वर्ष 2023 में पहली बार भारतीय प्रवासी संगठनों के सहयोग से शुरू किया गया था।
म्यूजिकल नाइट से हुई कार्यक्रम की शुरुआत
इस सात दिवसीय आयोजन में भारतीय संस्कृति, परंपरा और कला का रंगारंग प्रदर्शन किया जा रहा है। भारतीय दूतावास के सभागार में हो रहे इस उत्सव की शुरुआत 28 अक्तूबर को बॉलीवुड म्यूजिकल नाइट से हुई, जिसमें प्रवासी भारतीय कलाकारों ने हिंदी फिल्मों के लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति दी।
इसके अगले दिन, 29 अक्तूबर को सूफियाना कव्वाली नाइट का आयोजन हुआ, जिसमें सूफी संगीत की आत्मीयता और भारतीय संगीत परंपरा की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम में पहुंच रही भारतीय प्रवासियों की भीड़
इस वर्ष प्रवासी समुदाय की बढ़ती रुचि को देखते हुए, भारतीय राज्यों को समर्पित 'स्टेट डेज' की संख्या तीन से बढ़ाकर चार कर दी गई है। ये कार्यक्रम 30 अक्तूबर से 2 नवम्बर तक चलेंगे, जिनमें कई भारतीय राज्यों की लोकनृत्य, संगीत, हस्तशिल्प और व्यंजनों की झलक पेश की जाएगी।
'गीता महोत्सव' से सांस्कृतिक उत्सव का समापन
इस उत्सव का समापन 3 नवम्बर को 'गीता महोत्सव' से होगा। इस अवसर पर महाभारत की पृष्ठभूमि पर आधारित एक संगीतमय नाट्य प्रस्तुति होगी, जो भगवद गीता के शाश्वत संदेश को आधुनिक जीवन से जोड़कर पेश करेगी।
भारतीय समुदाय को मंच देना कार्यक्रम का उद्देश्य
इस कार्यक्रम को लेकर भारतीय दूतावास ने कहा कि प्रवासी परिचय का उद्देश्य भारतीय समुदाय को एक मंच देना है, जहां वे अपनी संस्कृति, भाषा और परंपराओं को साझा कर सकें और भारत-सऊदी अरब के बीच सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत बना सकें।