ऐसी खबरें पहले भी आ चुकी हैं एलन मस्क ओपनएआई के चैटजीपीटी से काफी प्रभावित हैं और वह कुछ ऐसा ही बनाने के बारे में सोच रहे हैं। वहीं अब फाइनेंशियल टाइम्स ने शुक्रवार को मस्क के परिचित लोगों का हवाला देते हुए कहा कि एलन मस्क एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस स्टार्ट-अप शुरू करने पर काम कर रहे हैं, जो ओपनएआई चैटजीपीटी को टक्कर देगा।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, एलन मस्क आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े शोधकर्ताओं और इंजीनियरों की एक टीम को इकट्ठा कर रहे हैं। साथ ही स्पेसएक्स और टेस्ला इंक में कुछ निवेशकों के साथ अपने नए उद्यम में पैसा लगाने के बारे में भी चर्चा कर रहे हैं। अगर ऐसा होता है तो दुनिया के सामने जल्द ही चैटजीपीटी जैसा एआई टूल दुनिया के सामने होगा।
माइक्रोसॉफ्ट कार्पोरेशन से लेकर गूगल की मूल कंपनी एल्फाबेट तक तमाम कंपनियां अपनी पेशकशों में चैटबॉट सेंसेशन चैटजीपीटी के पीछे की तकनीक जेनरेटिव एआई को शामिल करने पर जोर दे रही हैं। हालांकि अब चैटजीपीटी को लेकर सरकारें सतर्क हैं और इसके बड़े पैमाने पर अपनाने से पहले अच्छी तरह से नियमों का पालन करने का आह्वान कर रही हैं।
गोपनीयता के मुद्दों पर इटली ने चैटजीपीटी पर प्रतिबंध लगा दिया है, जबकि एक यूरोप की एक समिति ने एआई के लिए एक आम नीति की दिशा में पहले कदम में एक टास्क फोर्स बनाया है। इस बीच, राष्ट्रीय सुरक्षा और शिक्षा संबंधी चिंताओं को दूर करने के लिए एआई प्रौद्योगिकियों पर नियम स्थापित करने का प्रयास शुरू किया है।
इससे पहले एक रिपोर्ट में कहा गया था कि टेस्ला और ट्विटर के प्रमुख मस्क एक शोधकर्ता इगोर बाबुस्किन को नौकरी पर रख रहे हैं, जिन्होंने हाल ही में अल्फाबेट की डीपमाइंड एआई टीम से इस्तीफा दिया है। जानकारी के लिए बता दें कि एलन मस्क ने 2015 में सिलिकॉन वैली के निवेशक सैम ऑल्टमैन के साथ OpenAI की शुरुआती की थी और इसी स्टार्टअप ने चैटजीपीटी को तैयार किया है। एलन मस्क ने 2018 में अपना बोर्ड छोड़ दिया था।