कुख्यात यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन की नई फाइलों में किए गए दावों से एलन मस्क के पुराने बयान की पोल खुलती नजर आ रही है। हाल ही में जारी दस्तावेज में दावा किया गया है कि एलन मस्क और मार्क जुकरबर्ग कैलिफोर्निया की एक शाही डिनर पार्टी में मौजूद थे। एपस्टीन ने खुद इस पार्टी को उन्मादी बताया है।
कुख्यात यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन के दस्तावेजों ने जहां एक ओर पूरी दुनिया में हलचल मचा दी है। वहीं दूसरी ओर हाल ही में सार्वजनिक की गई नई एपस्टीन फाइलों ने उद्योगपति एलन मस्क के पुराने दावों पर भी सैंकड़ों सवाल खड़े कर दिए हैं। इन दस्तावेजों में दावा किया गया है कि एलन मस्क और मार्क जुकरबर्ग कैलिफोर्निया में आयोजित एक शाही डिनर पार्टी में शामिल हुए थे। इतना ही नहीं दावा यह भी किया जा रहा है कि यौन अपराधी एपस्टीन ने खुद इस पार्टी को उन्मादी बताया था।
मस्क के पुराने बयान और यह नए दावे
बता दें कि मस्क को लेकर एपस्टीन फाइल में किया गया ये दावा उनके पुराने बयानों के उलट है। मस्क ने बहुचर्चित एपस्टीन फाइल्स में नाम आने के बाद अपनी सफाई देते हुए कहा था कि वो कभी जेफरी एपस्टीन की पार्टियों में नहीं गए और ना उनका कोई संबंध है। सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट के जरिए मस्क ने चुप्पी तोड़ते हुए अपनी बात रखी। सोमवार को किए अपने पोस्ट में मस्क ने कहा कि वह कभी भी एपस्टीन के प्राइवेट द्वीप पर नहीं गए, न ही उनके लोलिता एक्सप्रेस विमान में सफर किया और न ही उनकी पार्टियों में शामिल हुए।