नेपाल जल्द ही माउंट एवरेस्ट पर जाने वाले सभी पर्वतारोहियों के लिए एक इलेक्ट्रॉनिक चिप ले जाना अनिवार्य कर देगा। यह चिप दुनिया की सबसे ऊंची चोटी पर किसी भी आपात स्थिति में बचाव में मददगार होगी। नेपाल सरकार इस साल वसंत ऋतु से ऐसी चिप को अनिवार्य बनाने के लिए एक कानून बनाएगी। भारत और नेपाल सहित दुनिया भर से हजारों पर्वतारोही 8,849 मीटर ऊंचे माउंट एवरेस्ट पहुंचते हैं।
ईरान के साथ गैस पाइपलाइन के निर्माण को पाकिस्तान की मंजूरी
पाकिस्तान ने आखिरकार ईरान गैस पाइपलाइन के अपने खंड पर निर्माण कार्य शुरू करने की मंजूरी दे दी है। पाकिस्तान में 80 किमी के खंड के पहले चरण के लिए कई वर्षों की देरी के बाद मंजूरी कुछ दिन पहले ही दी गई थी। समिति ने, पेट्रोलियम डिवीजन की एक सिफारिश पर प्रारंभिक चरण में पाकिस्तान-ईरान सीमा से शुरू होकर बलूचिस्तान प्रांत के ग्वादर तक परियोजना की शुरुआत का समर्थन किया है। इससे देश की बढ़ती ऊर्जा जरूरतें भी पूरी हो सकेंगी।
चीन की बहुमंजिला इमारत में आग से 15 की मौत, 44 घायल
चीन की बहुमंजिला इमारत में आग लगने से कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई और 44 अन्य घायल हो गए। घटना पूर्वी चीन के जियांग्सू प्रांत की राजधानी नानजिंग की है। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि आग इमारत की पहली मंजिल पर लगी थी, जहां बिजली की साइकिलें रखी हुई थीं। प्रशासन ने बताया कि आग किन कारणों से लगी अभी इस बारे में पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई है।