यूएनजीए में पारंपरिक ओलिंपिक शांति संधि प्रस्ताव पारित
हर बार ओलिंपिक खेलों से पहले संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) की तरफ से पारित किए जाने वाले शांति संधि प्रस्ताव को मंगलवार को पारित किया गया। प्रस्ताव में ओलिंपिक और पैरालिंपिक खेल शुरू होने से पहले के सात दिनों के दौरान और ये खेल खत्म होने के बाद सात दिनों में दुनिया के सभी देशों से दुश्मनी भरी गतिविधियां बंद करने का आह्वान किया गया है। महासभा के 193 देशों में से 120 देशों ने इस प्रस्ताव पर मतदान किया, जिनमें से प्रस्ताव के पक्ष में 118 मत पड़े, किसी भी सदस्य ने विरोध में मतदान नहीं किया। हालांकि, रूस और सीरिया ने उपस्थिति के बाद भी मतदान नहीं किया। जबकि, भारत सहित 73 देश मतदान से अनुपस्थित रहे। इस प्रस्ताव के तहत सभी देश इस बात पर सहमत होते हैं कि खेलों के दौरान वे दुश्मनी नहीं निकालेंगे और सभी खिलाड़ियों को सुरक्षा की गारंटी दी जाती है। पेरिस ओलिंपिक खेल 26 जुलाई से 11 अगस्त तक आयोजित होंगे।
शिनजियांग के बाहर मस्जिदें बंद कर रहा चीन : रिपोर्ट
मानवाधिकार के क्षेत्र में काम करने वाले ‘ह्यूमन राइट्स वॉच’ ने बुधवार को अपनी रिपोर्ट में शिनजियांग के अलावा अन्य क्षेत्रों की मस्जिदों को भी बंद करने के चीनी अभियान के विस्तार की जानकारी दी है। इन इलाकों में ‘हुई मुसलमानों’ की बहुलता है। रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारियों ने उत्तरी निंशिआ और गांसू प्रांत में मस्जिदें बंद की हैं।
इस्लाम पर अंकुश लगाने के प्रयास...
ह्यूमन राइट्स वॉच के अनुसार, चीनी अधिकारियों ने शिनजियांग के बाहर के क्षेत्रों में अन्य उपयोग के लिए मस्जिदों का रूप परिवर्तित कर दिया है। चीन ने इसका उत्तर भी नहीं दिया। मानवाधिकार समूह द्वारा पोस्ट वीडियो के मुताबिक 2019 और 2021 के बीच निंशिआ के लियाओकियाओ व चुआनकोऊ गांवों में चीन ने सभी सात मस्जिदों के गुंबदों को ध्वस्त कर दिया।
तीन दवा कंपनियों ने अमेरिका से वापस मंगाए अपने उत्पाद
डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज, ग्लेनमार्क फार्मा और जाइडस ने विनिर्माण मसलों के चलते अमेरिकी बाजार से अपने उत्पाद वापस मंगाए हैं। अमेरिकी खाद्य एवं औषधि प्रशासन (यूएसएफडीए) ने यह जानकारी दी है। अपनी हालिया रिपोर्ट में अमेरिकी स्वास्थ्य नियामक ने कहा कि प्रिंसटन स्थित डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज इंक ने मोंटेलुकास्ट सोडियम टैबलेट की 1,656 बोतलें वापस मंगाई है। डॉ. रेड्डीज हैदराबाद स्थित दवा कंपनी है। मोंटेलुकास्ट सोडियम का इस्तेमाल वयस्कों में अस्थमा के कारण सांस लेने में होने वाली दिक्कत, सीने में जकड़न और खांसी को रोकने के लिए किया जाता है। यूएसएफडीए ने पाया कि अमेरिका के महवाह स्थित ग्लेनमार्क फार्मास्यूटिकल्स इंक ने ओरल सस्पेंशन के लिए डेफेरासिरोक्स टैबलेट की 5,856 बोतलें वापस मंगाई हैं। ग्लेनमार्क फार्मास्यूटिकल्स इंक मुंबई स्थित ग्लेनमार्क फार्मा की एक इकाई है। वहीं जाइडस फार्मास्यूटिकल्स (यूएसए) इंक भी ऑक्सीब्यूटिनिन क्लोराइड को बाजार से वापस ले रहा है।
पानी के नीचे हमला कर सकता है चीन का ‘सोनार पल्स’
चीन का नया हथियार ‘सोनार पल्स’ पानी के नीचे इंसानों पर हमला कर सकता है। ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने खुलासा किया कि हाल में उसके नौसैनिक गोताखोरों को चोटें लगीं थीं, जो चीनी नौसेना के जहाज से हुए सोनार पल्स का नतीजा था। उप प्रधानमंत्री रिचर्ड मार्ल्स के एक बयान के अनुसार, गोताखोर जापान के तट से दूर अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में एचएमएएस टुवूम्बा के प्रोपेलर से मछली पकड़ने के जाल को साफ कर रहे थे। संचार करने के बावजूद, चीनी जहाज ऑस्ट्रेलियाई जहाज के पास पहुंचा और अपना सोनार चालू कर दिया। इसके चलते उन गोताखोरों को पानी से बाहर निकलने के लिए मजबूर होना पड़ा। ‘सोनार’ शब्द का अर्थ ध्वनि नेविगेशन और रेंजिंग है। सोनार उपकरण की मदद से ध्वनि भेजता है और फिर गूंज उत्पन्न होती है। उपकरण द्वारा प्राप्त गूंज से यह पता लगाया जा सकता है कि पानी के नीचे क्या है।
अमेरिका में अवैध प्रवासियों में तीसरे स्थान पर है भारतीयों की आबादी
अमेरिका में अवैध प्रवासी आबादी में तीसरा सबसे बड़ा समूह भारतीयों का है। प्यू रिसर्च सेंटर की तरफ से जारी एक रिपोर्ट में बताया गया है कि भारत से ज्यादा अवैध प्रवासी मैक्सिको और अल सल्वाडोर के नागरिक हैं। अमेरिकी सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा के आंकड़ों के मुताबिक,पैदल सीमा पार करने वाले भारतीयों की संख्या में पांच गुना वृद्धि हुई है। अधिकांश लोग मेक्सिको और कनाडा के रास्ते सीमा पार कर रहे हैं। अक्तूबर 2022 से सितंबर 2023 तक अवैध रूप से अमेरिका में प्रवेश करने पर वाले 96,917 भारतीय पकड़े गए। अवैध रूप से प्रवेश करने वाले भारतीयों की संख्या में वृद्धि देखी गई है, लेकिन कुल मिलाकर अवैध प्रवासी आबादी में गिरावट आ रही है।
कैलिफोर्निया में सर्वाधिक अवैध प्रवासी
रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिका में रहने वाले मेक्सिको के अवैध अप्रवासियों की संख्या 2021 में 41 लाख हो गई। 1990 के दशक के बाद से यह सबसे कम है। इसी तरह अल साल्वाडोर के करीब 800,000 और भारत के 725,000 अवैध प्रवासी अमेरिका में रह रहे हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि 2021 में सबसे बड़ी अवैध प्रवासी आबादी वाले राज्यों में 19 लाख के साथ कैलिफोर्निया शीर्ष पर रहा। इसके बाद टेक्सस में 16 लाख, फ्लोरिडा में 9 लाख, न्यूयॉर्क में 6 लाख, न्यू जर्सी में 4.50 लाख और इलिनोइस में 4 लाख अवैध प्रवासी दर्ज किए गए। रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका में वैध प्रवासी आबादी 80 लाख से ज्यादा बढ़ी है। अवैध प्रवासी कुल आबादी का 3 फीसदी हैं।