बढ़ जाएगी सिंगापुर, वियतनाम और फिलीपीन की भी चिंता
जे-20 विमान 5वीं पीढ़ी का है। चीन को छोड़ दक्षिण चीन सागर के किसी भी देश के पास ऐसा अत्याधुनिक विमान नहीं है। जे-20 से सिंगापुर, वियतनाम, फिलीपीन की चिंताएं भी बढ़ेंगी। हालांकि चीन इसे अत्यधिक खतरे वाले इलाके में ही तैनात करेगा।
श्रीलंका ः राजपक्षे के खिलाफ सिंहल-तमिल साथ
श्रीलंका में इतिहास के सबसे भयावह आर्थिक संकट पर विरोध के लिए सबसे कट्टर दुश्मन जाति समूहों सिंहलों और तमिलों ने दुश्मनी भुला दी है। दोनों समुदायों के लोग राजपक्षे परिवार के सत्ता छोड़ने की मांग लेकर सड़कों पर एक साथ उतर गए हैं। इस बीच, सेनाओं ने साफ कर दिया है कि देश में शांतिपूर्ण प्रदर्शनों के दमन के लिए वह कोई कार्रवाई नहीं करेगी।
कोलंबो का इंडिपेंडेंस स्क्वॉयर सरकार विरोधी आंदोलन का केंद्र बन चुका है। 12 से 70 साल के लोग सरकार के खिलाफ एकजुट हैं। लोगों के हाथों में अंग्रेजी, तमिल और सिंहल भाषा के पोस्टर हैं। इन पर लिखा है- 'गो गोता गो...गो होम गोता'। 'तुमने गलत पीढ़ी से पंगा लिया है...हमारा देश बर्बाद करना बंद करो। हमारा चुराया हुआ पैसा वापस करो'।
गोतबाया के इस्तीफे पर अड़े लोग
खुद को दिवालिया घोषित कर चुके श्रीलंका के नागरिक राष्ट्रपति गोतबाया राजपक्षे के इस्तीफे पर अड़े हैं। भोजन, ईंधन और बिजली जैसी बुनियादी चीजों के लिए जूझ रहे लोग राष्ट्रपति भवन के पास एकजुट हैं।
पाकिस्तान के हवाई हमले में 40 से ज्यादा लोगों की मौत
अफगानिस्तान के खोस्त और कुनार प्रांतों में पाकिस्तान की एयर स्ट्राइक में 40 लोगों के मारे जाने के बाद तालिबान भड़क गया है। तालिबान सरकार ने पाकिस्तान को सब्र का इम्तिहान न लेने की चेतावनी दी है।
अफगान पुलिस के मुताबिक, पेसा मिला, मीर सफर और स्पेरा जिले में हुए हमलों में 5 बच्चों और एक महिला समेत 40 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। अफगानिस्तान में इन हमलों के खिलाफ प्रदर्शन हुए। पाकिस्तान ने कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
सैन्य सूत्रों के मुताबिक, तहरीके-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के ठिकानों पर यह हवाई हमले किए गए थे। तालिबान के प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने ट्वीट कर पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा, ऐसी हरकत दोबारा हुई तो इसके नतीजे खराब होंगे।
भारत से गेहूं-दवाइयां पाक के रास्ते दो माह तक अफगानिस्तान जाएंगी
इस्लामाबाद। पाकिस्तान ने अपनी जमीन का इस्तेमाल कर भारत को गेहूं और दवाइयां अफगानिस्तान पहुंचाने की इजाजत और दो माह बढ़ा दी है। भारत 50 हजार मीट्रिक टन गेहूं और जीवनरक्षक दवाइयां मानवीय सहायता के तौर पर आटारी-वाघा बॉर्डर क्रॉसिंग होकर अफगानिस्तान भेजेगा। पाकिस्तानी विदेश कार्यालय ने बताया कि इसकी मियाद 21 मार्च को समाप्त हो गई थी। भारत सरकार ने समय सीमा बढ़ाने का अनुरोध किया था। एजेंसी
अल अक्सा मस्जिद परिसर में घुसी पुलिस, दो गिरफ्तार
इस्राइल स्थित अल अक्सा मस्जिद में रविवार को पुलिस घुस गई। यहां दो दिन दिन से यहूदियों और फलस्तीनियों में संघर्ष चल रहे हैं। इस्लाम धर्म में अल अक्सा मस्जिद को तीसरा सबसे पवित्र धर्मस्थल माना जाता है। पुलिस के अनुसार, उसका मकसद फलस्तीनियों को हटा यहूदियों के लिए रास्ता बनाना था, ताकि वे धार्मिक कार्य कर सकें। इस दौरान दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। रमजान व ईस्टर साथ होने से विवाद बढ़ा है।
तेल खपत घटाने के लिए हफ्ते में दो दिन छुट्टी कर सकता है नेपाल
नेपाल सरकार तेल की खपत कम करने के लिए अपने कार्यालयों में इस माह हफ्ते में दो दिन की छ्ट्टी लागू कर सकती है। देश में विदेशी मुद्रा की कमी के कारण पेट्रोलियम पदार्थों के दाम इन दिनों आसमान पर हैं। मंत्रिमंडल के सूत्रों ने बताया कि सेंट्रल बैंक ऑफ नेपाल और नेपाली ऑयल कॉरपोरेशन ने सरकार को यह सलाह दी है। यूक्रेन पर आक्रमण के कारण रूस पर दुनियाभर में प्रतिबंध लगाए जाने के कारण कच्चे तेल के दाम आसमान पर हैं। उधर, दो अन्य बड़े तेल उत्पादकों ईरान और वेनेजुएला के तेल बेचने पर भी प्रतिबंध लागू हैं। नेपाल में कोरोना महामारी के कारण 2020 के बाद से पर्यटकों का आना काफी कम हो गया है। इस कारण देश के सामने विदेशी मुद्रा का संकट खड़ा हो गया है।
उत्तर कोरिया ने किया एटमी मिसाइल का परीक्षण
उत्तर कोरिया ने रविवार को परमाणु हमला करने में सक्षम नए प्रकार की टेक्टिकल गाइडेड मिसाइल का सफल परीक्षण करने की घोषणा की। इस साल यह उसका 13वां परीक्षण है। आशंका है कि उत्तर कोरिया परमाणु परीक्षण भी कर सकता है, ताकि दक्षिण कोरिया व अमेरिका सहित प्रतिद्वंदियों पर दबाव बढ़ा सके।
अनुमान है कि यह छोटी दूरी की केएन-24 मिसाइल हो सकती है।1948 में देश की स्थापना करने वाले मौजूदा शासक किम जोंग यून के दादा किम इल सुंग की शनिवार को 110 जयंती पर सालाना सैन्य परेड नहीं हुई। उसकी केंद्रीय समाचार एजेंसी के अनुसार, खुद किम जोंग व कई अधिकारी इस दौरान मौजूद थे।
म्यांमार में जेलों से 1619 कैदियों को रिहा करने की घोषणा
नदक्षिणपूर्वी देश में के नववर्ष पर सैन्य सरकार ने दया दिखाते हुए 1613 लोगों को जेल से रिहा करने की घोषणा की है। पिछले साल इस अवसर पर 23,000 लोग रिहा किए गए थे। यह स्पष्ट नहीं है कि छोड़े जाने वालों में 1 फरवरी 2021 को अपदस्थ निर्वाचित सरकार के दौरान गिरफ्तार लोग शामिल हैं या नहीं। इनसीन जेल के बाहर मौजूद एक रिपोर्टर के मुताबिक, छोड़े गए लोगों में राजनीतिक प्रदर्शन में शामिल कोई व्यक्ति नहीं है। जुंटा सचिव लेफ्टिनेंट जनरल के हस्ताक्षर से जारी आदेश के मुताबिक, रिहा किए गए लोगों में 42 विदेशी हैं।
स्वीडन ः धार्मिक पुस्तक जलाने के कार्यक्रम से भड़क उठे दंगे
स्वीडन में दक्षिणपंथी डैनिश एंटी इमीग्रेशन पार्टी के कार्यक्रम के दौरान शनिवार रात मालमो शहर में दंगे भड़क उठे। आयोजन स्थल के निकट जमा लोगों ने एक बस और अन्य वाहनों में आग लगा दी और रास्ता बंद कर दिया। पुलिस ने यात्रियों को किसी तरह बचाया। पथराव की चपेट में आकर नौ पुलिसकर्मी घायल हो गए।
शनिवार रात धार्मिक पुस्तक जलाने का कार्यक्रम तीन दिन में तीसरा था। ऐसे ही कार्यक्रम से ओरेब्रो, स्टॉकहोम और स्वीडन के अन्य भागों में भी दंगे भड़क चुके हैं। कार्यक्रम शुरू हुआ तो आसपास रहने वाले लोग इसके खिलाफ वहां जमा हो गए। इसके बाद भी कार्यक्रम न रुका तो लोगों ने पथराव शुरू कर दिया और पुलिस के बैरियर उठाकर सड़क पर लगा दिए। यहां रुके वाहनों में उन्होंने तोड़फोड़ और आगजनी शुरू कर दी। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने कार्यक्रम रुकवा दिया।
ईरान ने की सेंट्रीफ्यूज वर्कशॉप स्थानांतरित करने की पुष्टि
ईरान ने अपनी एक सेंट्रीफ्यूज वर्कशॉप को भूमिगत नतांज परमाणु स्थल पर स्थानांतरित करने की पुष्टि की है। परमाणु ऊर्जा संगठन के प्रवक्ता बेहरुज कमालवंदी ने बताया कि यह फैसला जून में करज में ईरान की सेंट्रीफ्यूज वर्कशॉप पर हुए हमले को ध्यान में रखकर किया गया है। हालांकि, नतांज में भी दो हमला हो चुका है, लेकिन यह अधिक सुरक्षित जगह है। ईरान ने हमले के लिए इस्राइल पर आरोप लगाया है। कमालवंदी ने कहा, आतंकी खतरों को देखते हुए मशीनों को स्थानांतरित किया गया है। वहीं, वियना स्थित अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने बताया कि उसने नतांज में ईरान की नई सेंट्रीफ्यूज वर्कशॉप में कैमरे लगाकर मशीनों से सील हटा दी है। उनका उपयोग सेंट्रीफ्यूज रोटर ट्यूब और अन्य सामग्री बनाने के लिए किया जाएगा।