प्रख्यात भारतीय-अमेरिकी वैज्ञानिक डॉ. सेतुरमन पंचनाथन को अमेरिका में एक अहम जिम्मेदारी मिली है। उन्होंने देश में विज्ञान और इंजीनियरिंग के गैर-चिकित्सा क्षेत्रों में मौलिक अनुसंधान का समर्थन करने वाले शीर्ष अमेरिकी निकाय, नेशनल साइंस फाउंडेशन के निदेशक के रूप में पदभार संभाला है।
पिछले हफ्ते सीनेट की तरफ से उनके नाम की सर्वसम्मति से पुष्टि की गई थी। एरिजोना स्टेट यूनिवर्सिटी के 58 वर्षीय पंचनाथन ने व्हाइट हाउस ऑफिस ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी पॉलिसी (ओएसटीपी) के निदेशक डॉ. केल्विन ड्रोगेमीयर की जगह ली है, जिन्होंने नेशनल साइंटिस्ट फाउंडेशन (एनएसएफ) के कार्यवाहक निदेशक के रूप में कार्य किया।
फाउंडेशन के पिछले निदेशक फ्रांस कॉर्डोवा का कार्यकाल मार्च 2020 में समाप्त हुआ। व्हाइट हाउस ने मंगलवार को कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने औपचारिक तौर पर पंचनाथन को एनएसएफ के 15 वें निदेशक के रूप में नियुक्त किया, जो शीर्ष अमेरिकी विज्ञान निधि निकाय है, जिसका वार्षिक बजट 7.4 अरब अमेरिकी डॉलर है।