अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (फाइल फोटो)
- फोटो : White House
चीन और अमेरिका के बीच विवाद होने के बावजूद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन और दूसरे देशों के साथ कोरोना वैक्सीन बनाने की इच्छा जताई है। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि जो भी हमारे लिए कोरोना वैक्सीन का अच्छा और बेहतरीन परिणाम लेकर आएगा, हम उसके साथ काम करने को तैयार हैं।
डोनाल्ड ट्रंप की ओर से ये बयान तब आया जब ट्रंप प्रशासन से ये पूछा गया कि अगर चीन सबसे पहले कोरोना की वैक्सीन तैयार कर लेता है तो क्या अमेरिका, चीन के साथ मिलकर काम करना चाहेगा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने किसी भी देश के साथ सहयोग करने की बात कही है।
डोनाल्ड ट्रंप ने ये बयान तब दिया जब एक शोधकर्ता ने बताया कि चीन की कोरोना वैक्सीन केनसीनो बायोलॉजिस्क (CanSino Biologics Inc (6185.HK) सुरक्षित पाई गई है और ज्यादातर विषयों में इम्यून रिस्पॉन्स बनाकर दिखाया है।
केनसीनो वैक्सीन ने मानव परीक्षण ने अच्छे परिणाम दिखाए, इसके अलावा अमेरिका आधारित मॉडर्ना इंडस्ट्री और जर्मनी की बायोएनटेक एसई की वैक्सीन के भी मानव परीक्षण चल रहे हैं। बता दें कि लंबे समय से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चीन को कोरोना फैलाने को लेकर कोसते रहे हैं।
कोरोना वायरस चीन के वुहान शहर से शुरू हुआ था और अमेरिकी समेत कई देशों में फैला, इस वायरस की चपेट में आकर अमेरिका के 1,40,000 लोगों की जान जा चुकी है। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका को जल्द ही अच्छे परिणाम आने की उम्मीद है, अमेरिकी में टेस्टिंग भी ज्यादा हो रही है।