अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगले हफ्ते पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के साथ मुलाकात करने वाले हैं। एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ने बताया कि मुलाकात के दौरान वह उस डॉक्टर की रिहाई की मांग कर सकते हैं जिसने वैश्विक आंतकी ओसामा बिन लादेन को पकड़ने में सीआईए की मदद की थी। पाकिस्तान ने डॉक्टर शकील अफरीदी को जेल में कैद किया हुआ है।
दोनों नेता सोमवार को व्हाइट हाउस में मुलाकात करेंगे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने पत्रकारों से कहा, 'यह राष्ट्रपति और अमेरिकी लोगों के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण मुद्दा है। मुझे लगता है कि अमेरिका डॉ. अफरीदी को मुक्त करवाकर क्षेत्र में और अंतरराष्ट्रीय समुदाय के बीच अपनी नेतृत्वकारी भूमिका का प्रदर्शन कर सकता है।'
अमेरिका के राष्ट्रपति चुने जाने से पहले ट्रंप ने एक चुनावी प्रचार अभियान के दौरान कहा था कि वह पाकिस्तान से अफरीदी को दो मिनट में छुड़वा लेंगे। 2011 में अफरीदी ने सीआईए को अलकायदा प्रमुख ओसामा बिन लादेन को खोजने में मदद की थी। उसे बाद में गिरफ्तार किया गया और वह वर्तमान में पाकिस्तान की जेल में सजा काट रहा है।
अफरीदी के वकील और परिवार को उम्मीद है कि ट्रंप खान के साथ मुलाकात में उन्हें छुड़वा लेंगे। अफरीदी के वकील कमर नदीम ने कहा, 'कठोर परिस्थितियों और गर्मी के कारण डॉ. अफरीदी ठीक से सो नहीं पाते हैं क्योंकि उन्हें जिस सेल में रखा गया है वहां कोई खिड़की नहीं है। इमरान खान अमेरिका आने वाले हैं लेकिन यदि डॉ. अफरीदी दर्द में रहते हैं तो मुझे लगता है कि उनकी यात्रा सफल नहीं होगी।'
एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ने कहा कि अमेरिका ने पाकिस्तान से डॉ. अफरीदी को रिहा करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा, 'हमने नियमित तौर पर सार्वजनिक और निजी स्तर पर पाकिस्तान से कहा है कि वह अफरीदी को रिहा कर दें। जब तक अफरीदी जेल में बंद हैं तब तक पाकिस्तान के नेतृत्व का अंदाजा इससे लगाया जाएगा। हम पाकिस्तान से उसे रिहा करने के लिए कहेंगे।' प्रशासन ने अफरीदी को हीरो बताया और कहा कि उसने 9/11 हमलों के मास्टरमाइंड आतंकी को पकड़ने में अमेरिका की मदद की थी।