अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अक्सर ही अपने संवाददाता सम्मेलनों में होने वाले विवादों को लेकर चर्चा में बने रहते हैं। ताजा मामला रविवार का है, जब राष्ट्रपति ट्रंप का झूठ पकड़ा गया तो वह संवाददाता सम्मेलन को बीच में छोड़कर चले गए।
दरअसल, राष्ट्रपति ट्रंप रविवार को न्यूजर्सी के गोल्फ क्लब में एक संवाददाता सम्मेलन में हिस्सा ले रहे थे। इस दौरान वह बराक ओबामा के कार्यकाल के दौरान पारित हुए हेल्थ केयर प्रोग्राम को अपनी उपलब्धि के तौर पर बखान कर रहे थे।
तभी एक रिपोर्टर ने उन्हें बीच में टोक दिया, जिस पर नाराज होकर वह संवाददाता सम्मेलन को बीच में ही छोड़कर चले गए। एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस प्रोग्राम को लेकर ट्रंप 150 बार से ज्यादा झूठ बोल चुके हैं।
हेल्थ केयर प्रोग्राम पर पकड़ा गया झूठ
अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया कि उन्होंने ही रिटायर्ड कर्मियों के लिए हेल्थ केयर प्रोग्राम (वेटेरन्स चॉइस प्रोग्राम) को पारित किया है। ट्रंप ने कहा कि लोग दशकों से इस प्रोग्राम के पारित होने को लेकर कयास लगाए बैठे थे और किसी भी राष्ट्रपति ने इसे पारित करने में दिलचस्पी नहीं दिखाई। लेकिन हमारे प्रशासन ने इसे पारित कर दिखाया।
यह भी पढ़ें: ट्रंप ने रिपोर्टर के सवाल पूछने पर की नस्लीय टिप्पणी, अब झेलनी पड़ रही चौतरफा आलोचना
ट्रंप के इस दावे पर सीबीएस न्यूज की रिपोर्टर पाउला रेड ने उनसे सवाल किया, 'आप लगातार यह क्यों कहते रहते हैं कि आपने ही इस हेल्थ केयर प्रोग्राम को पारित किया है? इसे 2014 में पारित किया गया था, उस दौरान बराक ओबामा राष्ट्रपति थे। यह गलत बयानबाजी है।'
रिपोर्टर के इस सवाल के बाद ट्रंप तिलमिला गए और थोड़ी देर रुके और फिर कहा, 'ओके, आप सब का बहुत धन्यवाद।' इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति बीच में ही संवाददाता सम्मेलन को छोड़कर चले गए।
क्या है यह प्रोग्राम?
दरअसल, बराक ओबामा ने अपने दूसरे कार्यकाल के दौरान इस प्रोग्राम पर 2014 में हस्ताक्षर किए थे। इस प्रोग्राम के तहत रिटायर्ड कर्मियों के लिए बड़ा एलान हुआ और उन्हें सरकारी खर्चे पर किसी भी निजी अस्पताल में इलाज कराने की अनुमति मिली।
इस प्रोग्राम के पारित होने के बाद कर्मियों को सरकार द्वारा चुने गए अस्पताल में इलाज की जरूरत नहीं होती है। वहीं, जब डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका के 45वें राष्ट्रपति बने तो उन्होंने 2018 में इस प्रोग्राम का विस्तार किया था। इसके बाद ट्रंप जहां भी जाते वह इस प्रोग्राम को अपनी सरकार की उपलब्धि बताकर इसका बखान करते।