अमेरिका में इस वर्ष तीन नवंबर को राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव होने वाले हैंं। चुनाव को लेकर डेमोक्रेटिक प्रत्याशी जो बिडेन ने कहा कि अगर वे चुनाव जीते तो सीमा पार तनाव में भारत का भरपूर साथ देंगे। इस पर जवाब देते हुए ट्रंप के चुनाव अभियान अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रपति ने चीन के विरोध में खड़े होकर हमेशा भारत का साथ दिया और कश्मीर मामले में दखल न करके एकदम सही रुख अपनाया है।
भारतीय-अमेरिकियों की बेरोजगारी दर में रिकॉर्ड आई गिरावट
बता दें कि 77 वर्षीय बिडेन और डोनाल्ड ट्रंप (74) में मुकाबला कड़ा हो गया है, जिसमें भारतवंशियों की बड़ी भूमिका तय है। ट्रंप के भारतवंशी समर्थकों ने कहा, कोविड-19 से पूर्व ट्रंप प्रशासन के नेतृत्व में अमेरिका में भारतीय-अमेरिकियों की बेरोजगारी दर में रिकॉर्ड गिरावट आई थी। उन्होंने दावा किया, राष्ट्रपति ट्रंप ने विश्व मंच पर भारत का कद बढ़ाया। ‘ट्रंप विक्ट्री इंडियन-अमेरिकन फाइनेंस कमेटी’ के सह-अध्यक्ष अल मैसन ने कहा कि ट्रंप ने भारत व भारतवंशियों के मामले में सही रुख अपनाया है।
ट्रंप अभियान से जुड़े अधिकारियों ने जोर दिया कि भारतवंशियों और भारत-अमेरिकी रिश्तों के मद्देनजर ट्रंप का चुनाव करना ही बेहतर होगा। प्रख्यात भारतवंशी वकील और कैलिफोर्निया से रिपब्लिकन पार्टी की वरिष्ठ नेता हरमीत कौर ढिल्लो ने कहा, भारतीय-अमेरिकियों की पसंद स्पष्ट है, यानी चार साल के लिए ट्रंप और पेंस।
महामारी से पूर्व भारतवंशियों की बेरोजगारी दर गिरी
ट्रंप प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि कोविड-19 से पहले भारतीय-अमेरिकियों की बेरोजगारी दर में करीब 33.33 प्रतिशत की गिरावट आई थी। अमेरिकी श्रम सांख्यिकी ब्यूरो के अनुसार भारतीय-अमेरिकी बेरोजगारी दर 2015 में 4.1 प्रतिशत थी, जो 2019 में कम होकर 2.1 प्रतिशत रह गई। ‘इंडियन वॉयसेज फॉर ट्रंप’ की दूसरी सह-अध्यक्ष मृणालिनी कुमारी ने कहा, भारतीय-अमेरिकी यकीनन वह समूह हैं, जिन्हें अमेरिका की आजादी से सबसे ज्यादा फायदा हुआ है, जिसमें मुक्त बाजार, खुशी पाने की आजादी, श्रेष्ठ जीवन के लिए कोशिश करने की आजादी आदि शामिल है।
ट्रंप और मोदी दोनों को श्रेय
इस दौरान ट्रंप के समर्थकों ने उनकी भारत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हुई मुलाकात का भी जिक्र किया। उस वक्त ट्रंप ने कहा था कि भारतवंशी समुदाय हमारे देश को मजबूत बनाने में मदद कर रहा है। अल मैस ने कहा कि बेशक, अमेरिका के प्रति स्मार्ट नीति का श्रेय पीएम नरेंद्र मोदी को जाता है लेकिन दोनों देशों के बीच रिश्तों को गहरा बनाने का श्रेय ट्रंप और मोदी दोनों को जाता है।
टिकटॉक के बाद ट्रंप ने दिए अलीबाबा पर भी प्रतिबंध के संकेत
भारत में चीनी एप्स बंद होने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टिकटॉक और वी-चैट पर सख्त कदम पहले ही उठाए हैं। लेकिन अब यह भी कहा है कि कि वे अलीबाबा समेत चीन की अन्य दूसरी कंपनियों पर भी दबाव बढ़ा सकते हैं। ट्रंप ने संकेत दिए कि वे अलीबाबा पर भी प्रतिबंध लगा सकते हैं। ट्रंप ने कहा कि चीनी एप अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा, विदेश नीति तथा अर्थव्यवस्था के लिए बड़ा खतरा हैं।