अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से नाराजगी जताई है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि रूस को यूक्रेन से समझौता करने की नई समय सीमा अब से '10-12 दिन' की है। उन्होंने बताया कि यूक्रेन से समझौता करने के लिए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को दी गई 50 दिनों की समयसीमा को कम कर दिया गया है।
इसे लेकर जब उनसे पूछा गया कि नई समय सीमा क्या है? तो उन्होंने कहा कि अब आज से यह 10 या 12 दिन बाद है। यह घोषणा ऐसे समय में हुई है जब रूस ने यूक्रेन पर रातोंरात 300 से अधिक ड्रोन, चार क्रूज मिसाइलें और तीन बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं।
ट्रंप ने रूस पर कड़े टैरिफ लगाने की दी चेतावनी
डोनाल्ड ट्रंप ने दो हफ्ते पहले कहा था कि अगर सितंबर की शुरुआत तक शांति समझौता नहीं होता है, तो वह रूस पर "कड़े टैरिफ" लगाएंगे। उन्होंने लड़ाई रोकने के यूक्रेनी शहरों पर बमबारी को लेकर पुतिन से नाराजगी भी जताई थी। ट्रंप ने कहा कि वह रूस को केवल 10 से 12 दिन का समय देंगे, यानी 7 से 9 अगस्त तक शांति प्रयासों में प्रगति होनी चाहिए। इस योजना में रूस के व्यापारिक साझेदारों पर भी माध्यमिक प्रतिबंध और टैरिफ लगाए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि इसका औपचारिक एलान सोमवार देर शाम या मंगलवार को किया जाएगा।
ट्रंप ने स्कॉटलैंड की यात्रा के दौरान कहा, अब और इंतजार करने की कोई वजह नहीं है। हमें कहीं कोई प्रगति होती नहीं दिख रही है। पुतिन को अब समझौता करना होगा। बहुत से लोग मर रहे हैं। ट्रंप ने एक बार फिर पुतिन की आलोचना करते हुए कहा कि वह युद्ध खत्म करने की बात तो करते हैं, लेकिन यूक्रेनी नागरिकों पर हमले जारी रखते हैं। ट्रंप बोले, युद्ध ऐसे खत्म नहीं होता। मैं राष्ट्रपति पुतिन से निराश हूं।
ये भी पढ़ें: UK: ब्रिटेन के प्रधानमंत्री स्टार्मर ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से की मुलाकात, गाजा के हालात पर हुई चर्चा
ट्रंप ने अपनी तारीफ में खुद पढ़े कसीदे
स्कॉटलैंड में ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के साथ मुलाकात के दौरान ट्रंप ने दावा किया कि अगर वे राष्ट्रपति न होते, तो दुनिया में छह बड़े युद्ध हो सकते थे। जिसमें भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध भी शामिल था। उन्होंने थाईलैंड-कंबोडिया विवाद को व्यापार वार्ता के जरिए शांत करने का दावा किया। इसके अलावा, उन्होंने रवांडा और डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो के बीच शांति समझौता और सर्बिया-कोसोवो में संभावित संघर्ष को रोकने का भी जिक्र किया।