ट्रंप के तीसरे कार्यकाल को लेकर संशय बरकरार है। ट्रंप न तो खुलकर बोल रहे हैं कि वे तीसरा कार्यकाल चाहते हैं और न ही इससे साफ इनकार कर रहे हैं। एक बार फिर जब उनसे इसे लेकर सवाल किया गया तो उनके जवाब ने चौंका दिया।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के तीसरे कार्यकाल को लेकर सस्पेंस बरकरार है। दरअसल ट्रंप कई बार संविधान में संशोधन का समर्थन कर तीसरी बार अमेरिका का राष्ट्रपति बनने की बात कह चुके हैं। अब एक बार फिर उन्होंने अपने बयान से उलझा दिया है। दरअसल एक अमेरिकी मीडिया से बातचीत में ट्रंप ने तीसरे कार्यकाल की संभावना से इनकार नहीं किया। उन्होंने कहा कि ऐसा करने के कई तरीके मौजूद हैं।
विज्ञापन
ट्रंप की जवाबों ने उलझाया
ट्रंप ने बताया कि मार्च में जब उन्होंने तीसरे कार्यकाल को लेकर बयान दिया था, उस वक्त वे मजाक में मूड में नहीं थे। बता दें कि अमेरिका में कोई भी व्यक्ति सिर्फ दो कार्यकाल के लिए ही राष्ट्रपति चुनाव जा सकता है। दो से ज्यादा बार किसी नेता को राष्ट्रपति नहीं बनाया जा सकता। ट्रंप से पूछा गया कि क्या उन्हें देश के संविधान को बरकरार रखना चाहिए या नहीं तो इस पर ट्रंप ने चौंकाने वाला जवाब देते हुए कहा कि 'मुझे नहीं पता'। जब उनसे अवैध अप्रवासियों को निकालने और क्या उन्हें कानून की मदद नहीं मिलनी चाहिए थी? इसके जवाब में ट्रंप ने कहा कि 'वह कोई वकील नहीं हैं, उन्हें इसके बारे में नहीं पता।'
तीसरे कार्यकाल के लिए संविधान संशोधन की जरूरत होगी
जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या वे तीसरा कार्यकाल चाहते हैं तो उन्होंने कहा कि 'मुझे काम करना पसंद है।' जब ट्रंप से जेडी वेंस के देश का अगला राष्ट्रपति बनने की संभावना पर सवाल किया गया तो ट्रंप ने कहा कि यह भी एक तरीका हो सकता है। अमेरिका के संविधान के 22वें संशोधन के तहत किसी भी व्यक्ति का तीसरी बार राष्ट्रपति बनना निषिद्ध है। इसमें बदलाव के लिए कांग्रेस में दो तिहाई बहुमत की जरूरत होगी या फिर दो तिहाई राज्यों द्वारा संविधान में बदलाव का प्रस्ताव करने के लिए एक संवैधानिक सम्मेलन बुलाने की जरूरत होगी। किसी भी मांग के लिए तीन चौथाई राज्यों का समर्थन जरूरी होगी।