अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को व्यापार युद्ध के नतीजों पर बात की। उन्होंने कहा कि चीन पर लगाए गए भारी टैरिफ से हो सकता है कि अमेरिकी बच्चों को 30 की बजाय दो गुड़िया मिलें। ये भी हो सकता है कि इन दो गुड़ियों की कीमत कुछ ज्यादा डॉलर हो, लेकिन इससे चीन को अधिक नुकसान होगा।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार व्यापार युद्ध के नतीजों पर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि उनके प्रशासन द्वारा चीन पर लगाए गए टैरिफ के कारण हो सकता है कि अमेरिकी बच्चों को पहले जैसी 30 की बजाय दो गुड़िया मिलें, लेकिन व्यापार युद्ध से चीन को अधिक नुकसान होगा। ट्रंप ने कहा कि 145 फीसदी टैरिफ लगाए जाने के बाद चीन को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उनकी फैक्ट्रियां कोई कारोबार नहीं कर पा रही हैं।
विज्ञापन
ट्रंप ने टैरिफ के कारण होने वाली मुद्रास्फीति के बारे में कहा कि कुछ लोगों का कहना है कि अलमारियां खुली रहने वाली हैं। दुकानों में सामान कम हो जाएगा। खैर, हो सकता है कि बच्चों के पास 30 गुड़ियों के बजाय दो गुड़िया हों। ये भी हो सकता है कि दो गुड़ियों की कीमत सामान्य से कुछ डॉलर ज्यादा हो। लेकिन इससे अमेरिका को नहीं, चीन को ही नुकसान होने वाला है।
शेयर बाजार में गिरावट के लिए बाइडन को ठहराया जिम्मेदार
एक नई सरकारी रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप के सत्ता संभालने के बाद पहले तीन महीनों में अमेरिका की अर्थव्यवस्था में 0.3 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, इसके लिए ट्रंप ने पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, 'ये बाइडन का स्टॉक मार्केट है, ट्रंप का नहीं। टैरिफ जल्द ही लागू होने लगेंगे, और कंपनियां रिकॉर्ड संख्या में अमेरिका में आने लगेंगी। हमारा देश तेजी से आगे बढ़ेगा, लेकिन हमें बाइडन के 'ओवरहैंग' से छुटकारा पाना होगा। इसमें थोड़ा समय लगेगा। इसका टैरिफ से कोई लेना-देना नहीं है।'
सरकारी रिपोर्ट जारी होने के बाद वित्तीय बाजारों में आई भारी गिरावट
अमेरिका की गिरती अर्थव्यवस्था पर सरकारी रिपोर्ट जारी होने के बाद बुधवार को वित्तीय बाजारों में भारी गिरावट दर्ज की गई। इसके जवाब में ट्रंप ने संवाददाताओं से कहा, 'मैं न शेयर बाजार की तारीफ ले रहा हूं और न ही दोष। मैं बस इतना कह रहा हूं कि हमें जो विरासत में मिला, वह गड़बड़ था।'
ट्रंप की नीतियों से आने वाले महीनों में होगा विकास: नवारो
व्हाइट हाउस के व्यापार सलाहकार पीटर नवारो ने ट्रंप की नीतियों पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि जीडीपी जल्द ही स्थिर हो जाएगी। राष्ट्रपति ट्रंप की नीतियों से आने वाले महीनों में विकास सुनिश्चित होगा। नवारो ने कहा, 'हम जो कुछ भी देख रहे हैं वह अच्छी और मजबूत खबरें हैं। इसलिए यह विचार कि मंदी आ रही है, उसे पूरी तरह से खारिज कर दिया जाना चाहिए।'