अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह इसलिए राजनीति में आए और राष्ट्रपति चुने गए क्योंकि पूर्व और अमेरिका के पहले अश्वेत राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अच्छा काम नहीं किया था। ट्रंप ने बुधवार को व्हाइट हाउस में पत्रकारों से कहा कि मुझे मेरी पुरानी जिंदगी काफी पसंद थी।
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ओबामा और बिडेन ने काफी खराब काम किए और इसलिए मैं आज आपके सामने राष्ट्रपति के तौर पर खड़ा हूं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ओबामा ने अच्छा काम नहीं किया। मैं यहां राष्ट्रपति ओबामा और जो बिडेन की वजह से ही हूं, क्योंकि अगर उन्होंने अच्छा काम किया होता तो मैं यहां नहीं होता। अगर उन्होंने अच्छा काम किया होता तो शायद मैं चुनाव भी नहीं लड़ता।
गौरतलब है कि ओबामा प्रशासन में जो बिडेन उप राष्ट्रपति थे, जो इस साल नवम्बर में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेट की ओर से ट्रंप को चुनौती दे रहे हैं। जो बिडेन ने ओबामा के साथ उपराष्ट्रपति के तौर पर आठ साल काम किया था। हाल ही में बराक और मिशेल ओबामा ने भी डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति होने पर सवाल खड़े किए और कहा कि बिडेन के लिए मतदान की अपील की।
मिशेल ओबामा ने डोनाल्ड ट्रंप को गलत राष्ट्रपति बताया तो पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने डोनाल्ड ट्रंप के लिए कहा कि उन्होंने अमेरिका में डेमोक्रेटिक संस्थानों को नष्ट कर दिया है। इसके अलावा हिलेरी क्लिंटन ने डोनाल्ड ट्रंप को असफल नेता बताया है। बता दें कि पिछली बार चुनाव में हिलेरी क्लिंटन, डोनाल्ड ट्रंप के विरुद्ध चुनाव लड़ रही थीं।