ट्रंप प्रशासन ने कहा कि ये हमले ईरान पर 'ऑपरेशन मिडनाइट हैमर' में क्षतिग्रस्त परमाणु फेसेलिटी को फिर से बनाने से भी प्रेरित थे। अधिकारियों ने खुफिया सूचनाओं के हवाले से बताया कि तेहरान न केवल अपने संवर्धन और कन्वर्जन सेंटर्स का पुनर्निर्माण कर रहा है, बल्कि अपनी सेंट्रीफ्यूज निर्माण क्षमता में भी निरंतर विस्तार कर रहा है।
इस्राइल और अमेरिका के संयुक्त हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई। ईरान ने खामेनेई की मौत का बदला लेने की धमकी देते हुए इस्राइल और अमेरिकी सैन्य अड्डों पर हमले जारी कर दिए है। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को नई चेतावनी जारी कर दी है।
विज्ञापन
राष्ट्रपति ट्रंप ने पोस्ट में लिखा, 'ईरान ने अभी-अभी कहा है कि वे आज बहुत जोरदार हमला करेंगे, जितना उन्होंने पहले कभी नहीं किया। लेकिन उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए, क्योंकि अगर उन्होंने ऐसा किया, तो हम उन पर ऐसी ताकत से हमला करेंगे जो पहले कभी नहीं देखी गई।'
व्हाइट हाउस ने किया ईरान पर हमले के फैसले का बचाव
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान पर घातक हमला करने के फैसले का व्हाइट हाउस ने बचाव किया। इस हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता के मारे जाने का दावा किया जा रहा है। वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि मिसाइल खतरों और परमाणु गतिविधियों से संबंधित खुफिया जानकारी ने अमेरिका के पास 'कोई विकल्प नहीं' छोड़ा था।
एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ने ऑपरेशन 'एपिक फ्यूरी' को जवाबी कार्रवाई नहीं बल्कि पूर्व-नियोजित और रक्षात्मक कार्रवाई बताते हुए कहा कि राष्ट्रपति ने फैसला किया कि वह चुपचाप बैठकर क्षेत्र में अमेरिकी सेनाओं को पारंपरिक मिसाइलों के हमलों का सामना नहीं करने देंगे।
ईरान पर क्या थी हमले की वजह?
नाम न छापने की शर्त पर बोलते हुए, अधिकारियों ने बताया कि तात्कालिक चिंता दक्षिणी क्षेत्र में ईरान की 'पारंपरिक मिसाइल क्षमता' और परमाणु हथियार हासिल करने की उसकी काफी पुरानी इच्छा थी। एक अधिकारी के अनुसार, खुफिया जानकारी से संकेत मिला है कि ईरान उन मिसाइलों का इस्तेमाल 'संभावित रूप से पूर्वव्यापी' तरीके से कर सकता है।
अधिकारी ने कहा कि पहले हमले का इंतजार करने से हताहतों और नुकसान की संख्या 'काफी अधिक' हो सकती थी। एक अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ने कहा कि हम उनके हाथों बंधक नहीं बनेंगे और न ही उन्हें हम पर पहले हमला करने देंगे। अधिकारियों ने ईरान पर जवाबी कार्रवाई में नागरिक बुनियादी ढांचे पर हमला करने का आरोप लगाया।