अमेरिका की एक विभाजित अपीलीय अदालत ने चार देशों की मानवीय सुरक्षा को समाप्त करने की अनुमति दे दी है। इन देशों में अल-सल्वाडोर, हैती, निकारागुआ और सूडान शामिल हैं। इस अनुमति के साथ ही ट्रंप प्रशासन को इन चारों देशों के नागरिकों को अमेरिका से निष्कासित करने का अधिकार मिल गया है। इस एक फैसले ने हजारों लोगों को उनकी कानूनी स्थिति खत्म करने की मंजूरी दे दी है।
बता दें कि इन देशों से बड़ी संख्या में लोग वहां की गरीबी और भुखमरी के चलते अमेरिका में पलायन करके बसे थे, जबकि ट्रंप प्रशासन के सख्त रवैये ने हजारों को अमेरिका आने से ही रोक दिया था। इनमें ऐसे परिवार भी शामिल हैं जो दशकों से अमेरिका में हैं और उनके छोटे बच्चे हैं जो अमेरिकी नागरिक हैं।
अब इन नागरिकों को उनके बच्चों को अमेरिका में ही छोड़कर उनके देश वापस जाना होगा। अमेरिका की नौवीं सर्किट कोर्ट ऑफ अपील ने इन देशों के लिए सरकार द्वारा दिए गए अस्थायी संरक्षण स्थिति (टीपीएस) को भी खत्म कर दिया है। अदालत ने कहा, वादी इस संबंध में उठे गंभीर सवालों के पक्ष में साक्ष्य नहीं दे पाए हैं, इसलिए हम जिला अदालत के पूर्व फैसले को रद्द करते हैं।
नेपाल, होंडुरास पर भी लागू होगा फैसला
अदालत का यह आदेश नेपाल और होंडुरास के लाभार्थियों पर भी लागू होगा। इस तरह अमेरिका के निजी क्षेत्र में सुरक्षा कर्मियों के बतौर सेवाएं दे रहे हजारों नेपाली नागरिक भी इस फैसले से प्रभावित होंगे। बता दें कि ट्रंप प्रशासन ने यह कहते हुए इन देशों के नागरिकों को शरण देने वाले कानून को चुनौती दी थी कि अमेरिका में अब सुरक्षा के तहत हालात बदल चुके हैं।