अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत दौरे को लेकर विदेशी मीडिया में अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। अक्सर ट्रंप की नीतियों की आलोचना करने वाले न्यूयॉर्क टाइम्स ने जहां इस दौरे को लेकर तंज कसा, तो वहीं सीएनएन ने 'मोदी मॉडल' का जिक्र किया।
खाड़ी देशों के प्रमुख अखबार अल-जजीरा ने इसे 'राजनीतिक तमाशा' करार दिया। साथ ही उसने भारत दौरे से पहले ट्रंप द्वारा भारत की आलोचना का भी जिक्र किया। हालांकि अल-जजीरा ने नागरिकता संशोधित कानून को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शनों का भी जिक्र किया। मीडिया ने पूर्व राजनयिक कंवल सिब्बल के हवाले से यह भी कहा कि ट्रंप के पास भारत के अल्पसंख्यकों का मुद्दा उठाने का नैतिक अधिकार नहीं है।
'डेली मेल' और 'सीएएन' ने भारत के पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के नाम का उच्चारण सही ढंग से करने पर आलोचना भी की। 'डेली मेल' ने लिखा कि 1,10,000 लोगों के सामने ट्रंप ने भारत के महानतम क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर को 'सूचीन तेंदोलकर' कहकर बुलाया। इसी तरह विराट कोहली को उन्होंने 'विरोट को—ली' कहकर पुकारा।
पाकिस्तानी मीडिया 'द एक्सप्रेस ट्रिब्यून' ने ट्रंप के दौरे से पहले अमेरिका और भारत के बीच व्यापारिक संबंधों का मुद्दा उठाया। उसने लिखा कि ट्रंप के भारत दौरे के दौरान भी दोनों देशों के बीच उपजे व्यापारिक विवाद का सुलझना मुश्किल है।