रिपब्लिकन नेता और पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ चल रहे मुकदमे में सरकारी वकीलों की अपील के कारण उनकी परेशानी बढ़ सकती है। सरकारी वकील यानी अभियोजन पक्ष ने हश मनी केस में जज से अपील की है कि ट्रंप की दोषसिद्धि को खारिज करना ठीक नहीं है। एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, अभियोजकों ने न्यायाधीश से आग्रह किया है कि डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ चुप रहने के लिए धन देने के मामले में दोषसिद्धि को खारिज न किया जाए। इस अपील से ट्रंप के प्रतिरक्षा वाले दावे को झटका लगा है।
दरअसल, ट्रंप ने पूर्व राष्ट्रपति होने का हवाला देते हुए अपने खिलाफ मुकदमेबाजी को चुनौती दी थी। हालांकि, कोर्ट ने उनकी दलीलों को स्वीकार नहीं किया है। इसी बीच अभियोजन पक्ष की ताजा अपील के बाद ट्रंप को चुनाव में बड़े झटके की आशंका है। ऐसा इसलिए क्योंकि वे रिपब्लिकन खेमे के प्रत्याशी के रूप में चुनावी अभियानों में पूरी ताकत झोंक रहे हैं। ऐसे में अगर अदालत का फैसला उनके खिलाफ आता है तो उन्हें बड़ा झटका लग सकता है।