अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप यूं तो सार्वजनिक बयानबाजी के वक्त अक्सर कई लोगों का नाम भूल चुके हैं लेकिन ताजा मामला दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी एप्पल के सीईओ टिम कुक से जुड़ा है। व्हाइट हाउस में अमेरिकन वर्कफोर्स पॉलिसी एडवाइजरी बोर्ड की एक बैठक में ट्रंप टिम कुक का नाम ही भूल गए और उन्हें टिम एप्पल कह दिया। इस बैठक का वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसे लाखों बार देखा चुका है। सोशल मीडिया पर भी लोग जमकर ट्रंप का मजाक उड़ा रहे हैं।
सोशल मीडिया ट्विटर पर एक यूजर ने लिखा, ट्रंप अब जल्द ही फेसबुक के सीईओ का नाम मार्क जकरबर्ग से बदलकर मार्क फेसबुक रख देंगे। किसी दिन बिट गेट्स भी बिल माइक्रोसॉफ्ट बना दिए जाएंगे।
यह पहला मौका नहीं है जब अमेरिकी राष्ट्रपति अपने संबोधन में किसी मशहूर शख्स का गलत नाम लिया हो। इसी साल जनवरी में उन्होंने अमेजन के सीईओ जेफ बेजोस को जेफ बोजो कहा।
इससे पहले पिछले साल मार्च में रक्षा उपकरण बनाने वाली कंपनी लॉकहीड मॉर्टिन की सीईओ मार्लिन ह्यूमन को मार्लिन लॉकहीड कह दिया था।
पिछले साल अप्रैल में डेमोक्रेटिक नेशनल कमेटी के पूर्व प्रमुख डेबी वेसरमैन शुल्ट्ज को ट्विटर पर वेंडी वेसरमैन शुल्ट्ज कह दिया था। बाद में उन्होंने ट्वीट को हटाकर सही नाम लिखा था। लेकिन, तब तक सोशल मीडिया पर ट्रंप इस गलती के लिए ट्रोल हो चुके थे।
भले ही ट्रंप अक्सर लोगों के नाम भूल जाते हों, लेकिन वे यह मानने को तैयार नहीं हैं कि उनकी याददाश्त कमजोर है। साल 2017 में उन्होंने एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि उनकी जितनी शानदार याददाश्त है वैसी इतिहास में बहुत कम लोगों की रही है। इतने मौके पर गलत नाम लेने के बाद भी ट्रंप अपनी याददाश्त की तारीफ करने से नहीं चूकते।