अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप डोनाल्ड ट्रंप अपनी पढ़ाई को लेकर अकसर यह कहते हैं कि बचपन में वो बहुत प्रतिभाशाली थे और उनके शिक्षक उनसे काफी प्रभावित थे। लेकिन अब ट्रंप के स्कूल ने उनके इस दावे की हवा निकाल दी है। ट्रंप के स्कूल ने दावा किया है कि ट्रंप के सहयोगियों ने उनके ग्रेड छुपाने का दबाव बनाया था। अमेरिका की एक सैन्य अकादमी ने कहा कि उसने ट्रंप की किशोरावस्था के दौरान के उनके शैक्षणिक रिकॉर्ड साल 2011 में छिपा लिए थे। अमेरिका के प्रमुख अखबार वॉशिंगटन पोस्ट ने अपनी रिपोर्ट में यह जानकारी दी है। रिपोर्ट के मुताबिक स्कूल ने कहा है कि ट्रंप के सहयोगियों के दबाव के चलते उनकी पढ़ाई का ग्रेड छुपाया गया था।
बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप अपनी पढ़ाई को लेकर अकसर यह कहते हैं कि बचपन में वो बहुत मेधावी छात्र थे। ट्रंप ने 1959 से सैन्य स्कूल में पांच साल बिताए थे। ट्रंप के मुताबिक उनके माता-पिता उन्हें अनुशासित बनाना चाहते थे।
ऐसा खुला राज
सैन्य स्कूल के हेडमास्टर रहे इवान जोंस ने वाशिंगटन पोस्ट को बताया कि निजी स्कूल के अधीक्षक काफी डरे सहमे हुए मेरे पास आए, क्योंकि उनसे स्कूल के पूर्व छात्र एवं ट्रंप के दोस्तों ने उनके शैक्षणिक रिकॉर्ड गुप्त रखने को कहा था। स्कूल के अधीक्षक या निदेशक रहे कोवरडेल ने बताया कि उन्होंने ट्रंप का रिकॉर्ड सौंपने के स्कूल के ट्रस्टी बोर्ड का अनुरोध खारिज कर दिया था।
ट्रंप ने ओबामा को दी थी स्कूल रिपोर्ट सबको दिखाने की चुनौती
डोनाल्ड ट्रंप ने साल 2016 में अमेरिकी राष्ट्रपति चुनावों के दौरान तत्कालीन राष्ट्रपति बराक ओबामा को अपना शैक्षणिक रिकॉर्ड सार्वजनिक करने की चुनौती दी थी। ट्रंप ने कहा था कि उन्हें हैरत है कि ऐसा बुरा छात्र आईवी लीग स्कूल में पढ़ता था।
ट्रंप के वकील ने भी कबूला- स्कूल को दी थी धमकी
ट्रंप के पूर्व निजी वकील माइकल कोहेन ने पिछले सप्ताह कांग्रेस समिति को गवाही दी थी कि उन्होंने स्कूल को ट्रंप का ग्रेड सार्वजनिक न करने की हिदायत दी थी और ऐसा नहीं करने पर मुकदमे में फंसाने की धमकी दी थी।