अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ ने बुधवार (स्थानीय समयानुसार) को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मॉस्को में मुलाकात की। ये मुलाकात उस समय हुई जब रूस को यूक्रेन के साथ शांति वार्ता करने के लिए दी गई समय सीमा लगभग खत्म होने वाली है। अगर समझौता नहीं हुआ, तो अमेरिका रूस पर सख्त आर्थिक प्रतिबंध लगा सकता है, जिससे रूस से तेल खरीदने वाले देशों पर भी असर पड़ सकता है। इस बीच, खबर है कि डोनाल्ड ट्रंप रूसी राष्ट्रपति पुतिन से अगले हफ्ते व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर सकते हैं।
क्रेमलिन ने बताया कि यह मुलाकात करीब तीन घंटे तक चली। पुतिन के विदेश मामलों के सलाहकार यूरी उशाकोव ने कहा कि यह बातचीत उपयोगी और सकारात्मक रही। इसमें यूक्रेन के हालात, अमेरिका-रूस संबंधों में सुधार और दोनों देशों के बीच भविष्य में रणनीतिक सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
ट्रंप बोले- बैठक में प्रगति हुई
डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर बताया कि विटकॉफ की पुतिन के साथ 'बहुत उपयोगी बैठक' हुई, जिसमें काफी प्रगति हुई है। ट्रंप ने कहा कि उन्होंने यूरोप में अमेरिका के सहयोगियो को बैठक के बारे में जानकारी दे दी है। अमेरिका अब अपने यूरोपीय सहयोगियों के साथ मिलकर रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
ये भी पढ़ें: US: 'भारत को उपदेश से पहले रूस के साथ अमेरिकी व्यापार पर ध्यान दें ट्रंप'; विशेषज्ञों ने ट्रंप को दिखाया आईना
रूस पर जल्द ही नए प्रतिबंध संभव: व्हाइट हाउस
इससे पहले, व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने कहा कि ट्रंप की दी हुई 10 दिन की डेडलाइन खत्म होने के बाद अमेरिका रूस पर और भी कड़े प्रतिबंध लगा सकता है। हालांकि, व्हाइट हाउस ने अभी तक इन प्रतिबंधों की पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। अधिकारी को सार्वजनिक रूप से बोलने का अधिकार नहीं था और उन्होंने नाम न छापने की शर्त पर यह बात कही। अमेरिका ने धमकी दी है कि अगर हत्याएं नहीं रुकीं, तो कड़े टैरिफ और अन्य आर्थिक दंड लगाए जाएंगे।
ट्रंप नाराज, पुतिन से नरमी की अपील बेअसर
ट्रंप ने रूस द्वारा यूक्रेन के यूक्रेन के नागरिक क्षेत्रों पर बढ़ते हमलों को लेकर नाराजगी जताई है। उन्होंने कई बार पुतिन से हमला कम करने की अपील की थी, लेकिन रूस ने हमले और तेज कर दिए हैं।
यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने ट्रंप से की बात
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बुधवार शाम (स्थानीय समयानुसार) को बताया कि उन्होंने पुतिन-विटकॉफ की मुलाकात के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से फोन पर बात की। उन्होंने कहा कि यूरोपीय नेताओं ने भी बातचीत में भाग लिया। जेलेंस्की ने कहा कहा, 'हमने मॉको में हुई बातचीत पर चर्चा की।' जेलेंस्की ने कहा कि सभी की राय साफ है- 'युद्ध खत्म होना चाहिए।' हालांकि, उन्होंने बातचीत का कोई विवरण नहीं दिया।
ये भी पढ़ें: US: 'भारत-अमेरिका की रणनीतिक साझेदारी में अब तक सबसे बड़ा संकट', ट्रंप के 25% अतिरिक्त टैरिफ पर विशेषज्ञ
रूसी हमले में दो लोगों की मौत, 12 घायल
क्षेत्रीय गवर्नर इवान फेडोरोव ने बुधवार को बताया कि रूस ने मंगलवार रात यूक्रेन के जापोरिज्जिया इलाके में एक मनोरंजन केंद्र पर हमला किया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और 12 घायल हुए, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि रूसी सेना ने क्षेत्र पर कम से कम चार हमले किए और शुरुआत में शक्तिशाली ग्लाइड बमों से हमला किया। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने टेलीग्राम पर एक पोस्ट में कहा, 'इन हमलों का कोई सैन्य मकसद नहीं, बस डर फैलाना है।' जेलेंस्की ने कहा कि रूस ने यूक्रेन के पावर ग्रिड और हीटिंग व रसोई गैस की सुविधाओं पर भी हमला किया, क्योंकि यूक्रेन सर्दियों की तैयारी कर रहा है।
अगले हफ्ते पुतिन से मिल सकते हैं ट्रंप: व्हाइट हाउस
इस बीच, व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगले हफ्ते रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से व्यक्तिगत रूप से मिल सकते हैं। वह रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त कराने के लिए मध्यस्थता करना चाहते हैं। अधिकारी ने बताया कि अभी तक कोई बैठक निर्धारित नहीं की गई है और न ही कोई स्थान निर्धारित किया गया है। अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बात की। पुतिन के साथ ट्रंप की संभावित बैठक की खबर पुतिन के साथ विटकॉफ की मुलाकात के कुछ घंटों बात आई है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा, 'रूसियों ने राष्ट्रपति ट्रंप से मिलने की इच्छा जताई है और राष्ट्रपति पुतिन और राष्ट्रपति जेलेंस्की, दोनों से मिलने के लिए तैयार हैं।'
संबंधित वीडियो