भारत और पाकिस्तान के बीच हालिया तनाव खत्म होने के बाद भी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से श्रेय लेने की होड़ खत्म नहीं हो रही है। जहां एक बार फिर ट्रंप ने दावा किया है कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध को रोकने में अहम भूमिका निभाई थी। ट्रंप ने कहा कि यह टकराव इतना बड़ा हो सकता था कि परमाणु युद्ध में बदल जाता, लेकिन उन्होंने दोनों देशों को धमकी दी कि अगर वे युद्ध करेंगे तो अमेरिका उनके साथ कोई व्यापार नहीं करेगा।
व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच स्थिति बहुत गंभीर थी। हमने कहा कि सारे सौदे रद्द कर दो, कोई व्यापार नहीं होगा। उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने हमसे संपर्क किया और पूछा अब क्या करें? मैंने कहा अगर व्यापार चाहिए तो युद्ध और परमाणु हमले भूल जाओ। और दोनों ने मान लिया। उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान के नेता अच्छे हैं और दोनों ने युद्ध न करने का फैसला किया।