अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उत्तरी न्यू जर्सी में अपनी पारंपरिक ग्रीष्मकालीन छुट्टियां रद्द कर दी हैं। इसके पीछे का मकसद रूस और यूक्रेन में युद्ध समाप्त करने के लिए चल रही बातचीत है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने राष्ट्रपति के इस फैसले की मंगलवार (स्थानीय समयानुसार) को पुष्टि की।
प्रेस सचिव लेविट ने कहा कि आमतौर पर राष्ट्रपति इसी समय छुट्टियां मनाते हैं, लेकिन राष्ट्रपति ट्रंप ने छुट्टी न लेने और लगातार काम करने का फैसला किया है। पहले यह विचार था कि वे कुछ हफ्तों तक न्यू जर्सी के बेडमिंस्टर क्लब से काम करेंगे, लेकिन अब उन्होंने वह योजना भी छोड़ दी है। बेडमिंस्टर, उत्तरी न्यू जर्सी में ट्रंप का क्लब है, जहां वे अक्सर सप्ताहांत में जाते हैं। ट्रंप ने अपने पहले कार्यकाल के दौरान भी अगस्त में छुट्टियां मनाने के लिए कुछ समय वहां बिताया था।
ये भी पढ़ें: Fine on Google: बच्चों की निजता के उल्लंघन पर तीन करोड़ डॉलर हर्जाना देगा गूगल, US में मुकदमा निपटाने पर सहमति
रोज गार्डन में ट्रंप ने नए स्पीकर सिस्टम का परीक्षण किया
प्रेस सचिव लेविट का यह बयान तब आया है, जब व्हाइट हाउस ने प्रेस को नए तैयार किए गए रोज गार्डन का दौरा कराया। यहां राष्ट्रपति नए स्पीकर सिस्टम का परीक्षण कर रहे थे। इससे पहले, व्हाइट हाउस के डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ डैन स्कैविनो ने रोज गार्डन में ट्रंप द्वारा किए गए बदलाव के तहत लगाए गए नए स्पीकरों की एक फुटेज पोस्ट की थी।
ट्रंप खुद गानों की प्लेलिस्ट कर रहे थे कंट्रोल
वीडियो में ट्रंप के पसंदीदा गानों में से एक, ली ग्रीनवुड का 'गॉड ब्लेस द यूएसए' तेज आवाज में बज रहा था। वीडियो में पीले छाते वाली टेबलें और अमेरिकी झंडा भी दिखाई दे रहा था। बाद में, लेविट ने पत्रकारों को बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप खुद गानों की प्लेलिस्ट कंट्रोल कर रहे थे और टीम यह देख रही थी कि व्हाइट हाउस के इतिहास का सबसे अच्छा कार्यक्रम कौन सा हो सकता है।
ये भी पढ़ें: India-US Tension: अमेरिका-भारत संबंध और तल्ख होने की आशंका, मंत्री बेसेंट बोले- रईस परिवार रूसी तेल से लाभ...
रोज गार्डन में अगली पार्टी जल्द होने की संभावना
लेविट ने यह भी कहा कि रोज गार्डन में अगली पार्टी बहुत जल्द आयोजित होने की संभावना है। स्पीकर टेस्टिंग के दौरान और भी गाने बजाए गए, जिनमें प्रोकोल हारुम का 'व्हाइटर शेड ऑफ पेल' भी शामिल था। संगीत इतना तेज था कि व्हाइट हाउस के दूसरे हिस्सों में भी सुना जा सकता था।
कूटनीतिक सरगर्मी के बीच युद्ध समाप्ति की ठोस संभावना नहीं
ट्रंप की रूसी राष्ट्रपति पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की की अलग-अलग मुलाकातों का ऊपरी तौर पर संदेश सकारात्मक बताया जा रहा है, पर बड़ा सवाल यही है कि क्या रूस अपनी कब्जाई हुई जमीन लौटाएगा या यूक्रेन अपनी जमीन छोड़ने को तैयार होगा। इस कूटनीतिक संतुलन में यूरोप की भूमिक भी अहम हो गई है। अमेरिकी व रूसी नेताओं की मुलाकात को लेकर न्यूयॉर्क टाइम्स और वाशिंगटन पोस्ट ने इसे संभावित शांति प्रक्रिया की झलक बताया, वहीं रूसी अखबार इजवेस्तिया ने इसे मास्को की कूटनीतिक जीत करार दिया। अलास्का वार्ता के तुरंत बाद व्हाइट हाउस में हुई चर्चा का मकसद यूक्रेन को यह भरोसा दिलाना था कि अमेरिका की प्राथमिकता कीव के हितों की रक्षा करना है। हालात इस कदर उलझे हुए हैं कि स्थायी शांति की संभावना दूर-दूर तक नजर नहीं आती।