संकट में फंसे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आगामी 20 जनवरी को कार्यालय छोड़ने से पहले खुद को किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से राहत दे सकते हैं। सीएनएन के मुताबिक, राष्ट्रपति ट्रंप ने कानूनन माफी देने के अधिकार के इस्तेमाल की संभावना पर अपने करीबी सहयोगियों से चर्चा की है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि हालिया सप्ताहों में ट्रंप ने कई बार इसे लेकर चर्चा की है और स्व-माफी को लेकर कानूनी व राजनीतिक नतीजों के बारे में जानने का प्रयास किया है।
ट्रंप के स्व-माफी का अधिकार प्रयोग करने की खबरें उनके हजारों समर्थकों के बुधवार को यूएस कैपिटल बिल्डिंग (अमेरिकी संसद भवन) में घुस आने और अराजकता फैलाने के कारण डेमोक्रेटिक के साथ खुद उनकी रिपब्लिकन पार्टी के सांसदों के भी नाराज होने की चर्चा के बीच आई है।
हिंसा से नाराज ट्रंप समर्थक, पर नहीं माना राष्ट्रपति को दोषी
यूएस कैपिटल बिल्डिंग में बुधवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हजारों समर्थकों के घुस आने और अराजकता फैलाने की उनके अन्य समर्थकों ने निंदा की है। लेकिन उन्होंने इसके लिए अमेरिकी राष्ट्रपति को जिम्मेदार मानने का विरोध किया है। राष्ट्रपति ट्रंप की एक कट्टर समर्थक एडी एमरसन ने कहा, वह उस हिंसा को नापसंद करते हैं, जो बुधवार को उन्होंने टीवी पर देखी।
लेकिन उन्होंने अन्य ट्रंप समर्थकों की तरह इस बात पर गुस्सा जताया कि जो इस दंगे की निंदा कर रहे हैं, उन्होंने पिछली गर्मियों में ब्लैक लाइव्स मैटर मुद्दे पर हिंसा को लेकर आंखें बंद कर रखी थीं।
उन्होंने हिंसा के लिए वामपंथी प्रदर्शनकारियों को दोषी ठहराया, लेकिन यह भी कहा कि वे भी इस बात के समर्थन में हैं कि डेमोक्रेट जो बाइडन को फर्जी चुनाव के जरिये जिताया गया है। एमरसन और उनके जैसे कई अन्य ट्रंप समर्थकों ने कहा कि वे राष्ट्रपति का समर्थन करना जारी रखेंगे।