डोनाल्ड ट्रंप और जोहरान ममदानी
- फोटो : पीटीआई/एक्स/जोहरान ममदानी
न्यूयॉर्क मेयर का डेमोक्रेटिक प्राइमरी चुनाव भारतीय मूल के जोहरान ममदानी ने जीत लिया है। इसके बाद अब नवंबर में होने वाले मुख्य चुनाव में ममदानी डेमोक्रेटिक पार्टी की तरफ से मेयर पद के उम्मीदवार होंगे। ममदानी की जीत पर राष्ट्रपति ट्रंप ने नाराजगी जताई और ममदानी को वामपंथी बेवकूफ बता दिया। ट्रंप ने ममदानी का समर्थन करने के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी के शीर्ष नेताओं की भी आलोचना की।
ट्रंप ने ममदानी की जीत पर जताई नाराजगी
ट्रंप ने जोहरान ममदानी की जीत के बाद ट्रुथ सोशल पर साझा एक पोस्ट में लिखा कि 'ये आखिरकार हो ही गया, डेमोक्रेट्स ने सीमा पार कर दी है। जोहरान ममदानी एक सौ फीसदी वामपंथी बेवकूफ हैं, उन्होंने अभी डेमोक्रेटिक प्राइमरी चुनाव जीता है और वे न्यूयॉर्क के अगले मेयर बनने की राह पर हैं। हमने पहले भी चरमपंथी वामपंथी देखे हैं, लेकिन ये बिल्कुल बेतुका है।'
ये भी पढ़ें-
'उन्हें पैसे की जरूरत': इस्राइल से युद्धविराम के बाद तेल प्रतिबंध में ईरान को मिलेगी ढील! ट्रंप की मंशा क्या?
ममदानी पर निजी हमला बोला
ममदानी पर ट्रंप ने निजी हमले भी किए और लिखा कि 'ममदानी देखने में अजीब लगते हैं औऱ उनकी आवाज भी बहुत कर्कश है। वे बहुत समझदार भी नहीं हैं और कई वरिष्ठ डेमोक्रेटिक नेता उनका समर्थन कर रहे हैं, जिनमें हमारे महान फलस्तीनी सीनेटर चक शूमर भी शामिल हैं। यह हमारे देश के इतिहास की बड़ी घटना है।'
एक अन्य पोस्ट में डेमोक्रेटिक पार्टी पर तंज कसते हुए ट्रंप ने लिखा कि डेमोक्रेट्स को कम आईक्यू वाली जैस्मीन क्रॉकेट को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाना चाहिए। साथ ही डेमोक्रेट्स को एलेक्जेंड्रिया ओसासियो कोर्टेज और उनके जैसे प्रगतिशील नेताओं को कैबिनेट मंत्री बनाना चाहिए। इससे डेमोक्रेटिक पार्टी फिर से मुकाबले में आ सकती है।
ये भी पढ़ें-
Zohran Mamdani: डेमोक्रेटिक मेयर प्राथमिक चुनाव में जीते भारतीय मूल के ममदानी, मशहूर फिल्म निर्देशक के बेटे
कौन हैं जोहरान ममदानी
जोहरान ममदानी भारत में पैदा हुए यूगांडा के लेखक महमूद ममदानी और भारतीय फिल्म निर्देशक मीरा नायर के बेटे हैं। जोहरान का जन्म यूगांडा की राजधानी कंपाला में हुआ और जब वे सात साल के थे तो उनके माता-पिता उन्हें न्यूयॉर्क ले आए। साल 2018 में ममदानी को अमेरिकी नागरिकता मिली। ममदानी ने इसी साल सीरियाई मूल की महिला से शादी की है। राजनीति में आने से पहले ममदानी ने बतौर काउंसलर काम किया। ममदानी ने चुनाव प्रचार के दौरान वादा किया कि वे शहर के एक प्रतिशत अमीरों पर टैक्स लगाएंगे, जो सालाना 10 लाख डॉलर से ज्यादा कमाते हैं और उस पैसे से मध्यम और निम्न वर्गीय लोगों को सस्ते घर और सस्ता रहन-सहन उपलब्ध कराएंगे। न्यूयॉर्क दुनिया के सबसे महंगे शहरों में शुमार होता है।