डोनाल्ड ट्रंप और बेंजामिन नेतन्याहू
- फोटो : एएनआई/एक्स/इस्राइली पीएमओ
इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से फोन पर बात की है। टाइम्स ऑफ इस्राइल ने इस्राइली पीएमओ के हवाले से यह जानकारी दी है। दोनों नेता फोन पर हुई इस बातचीत में निकट भविष्य में वॉशिंगटन में मिलने पर राजी हुए हैं। इस्राइली पीएमओ के बयान के अनुसार, 'नेतन्याहू ने अमेरिका की स्थापना की 250वीं वर्षगांठ पर ट्रंप को बधाई दी और कहा, अमेरिका ही वह देश है, जो दुनिया की आजादी सुनिश्चित करता है और इस्राइल, दोनों देशों के बीच के मजबूत संबंध की सराहना करता है।'
ट्रंप ने नेतन्याहू की आलोचना की थी
गौरतलब है कि दोनों नेताओं के बीच फोन पर बातचीत ऐसे समय हुई है, जब ईरान में सर्वोच्च धार्मिक नेता अयातुल्ला अली खामेनेई को अंतिम विदाई देने की तैयारी की जा रही है। ट्रंप और नेतन्याहू की फोन पर बातचीत इसलिए भी अहम है क्योंकि हाल के हफ्तों में ट्रंप ने नेतन्याहू की सार्वजनिक रूप से आलोचना की है और दोनों नेताओं के बीच लेबनान में इस्राइली कार्रवाई को लेकर मतभेद उभरे थे। हालांकि अब इस बातचीत ने संकेत दिए हैं कि सबकुछ ठीक है।
वहीं अमेरिका और ईरान के बीच वार्ताएं जारी हैं। 1 जुलाई को दोहा में अमेरिकी और ईरानी वार्ताकारों ने कतर और पाकिस्तान के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। बैठकों के बाद आधिकारिक बयान में 14 सूत्री समझौता ज्ञापन से संबंधित मुद्दों पर सकारात्मक प्रगति दर्ज की गई। कतर ने कहा, दोनों पक्ष आगामी समय में बातचीत जारी रखने पर सहमत हुए हैं।