डोनाल्ड ट्रंप-किम जोंग उन (फाइल फोटो)
- फोटो : PTI
दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति मून जेइ-इन ने कहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग-उन के बीच तीसरी शिखर वार्ता की संभावनाएं खोजने के लिए दोनों देशों के अधिकारी खुफिया बातचीत में जुटे हुए हैं। शिखर वार्ता का मकसद उत्तर कोरिया के परमाणु हथियारों के जखीरे का भविष्य तय करना है।
इससे पहले, ट्रंप-किम के बीच चार माह पहले हनोई में दूसरी वार्ता बेनतीजा खत्म हो गई थी, जिसके बाद दोनों के बीच कोई सार्वजनिक बैठक नहीं हुई। हालांकि ट्रंप और किम के बीच हाल ही में निजी पत्रों के आदान प्रदान के बाद से अमेरिका और उत्तर कोरिया के बीच संवाद फिर से शुरू होने की संभावनाएं बढ़ी हैं। दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति ने कहा कि ‘ट्रंप और किम की बातचीत में शामिल होने की इच्छा खत्म नहीं हुई है।’
इस बीच, उत्तर कोरिया ने बुधवार को परमाणु संबंधी बातचीत में अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पोम्पियो को ‘बाधा’ बताया है। उत्तर कोरियाई विदेश मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने ट्रंप के विदेश मंत्री की आलोचना करते हुए पोम्पियो के हालिया बयानों की निंदा की।