अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान को अब सिर्फ दो दिन बचे हैं। इस अंतिम दौर में रिपब्लिकन और डेमोक्रेट दोनों ही पार्टियों ने अपनी पूरी ताकत चुनाव अभियान में झोंक दी है।
राष्ट्रपति ट्रंप और उनके प्रतिद्वंद्वी जो बिडेन ने फ्लोरिडा में एक घंटे के अंतराल पर रैलियां कीं और जबरदस्त जोर-आजमाइश की। इसके तुरंत बाद बिडेन मिशिगन पहुंचे और वहां अश्वेतों से मतदान की अपील की।
राष्ट्रपति ट्रंप के साथ फ्लोरिडा रैली में उनकी पत्नी मेलानिया भी शामिल हुईं। ट्रंप ने जहां यह कहा कि हम जीत का नया इतिहास रचने जा रहे हैं वहीं उन्होंने कोरोना वायरस का सुरक्षित टीका शीघ्र लोगों को मुहैया कराना अपनी अहम जिम्मेदारी बताया।
दूसरी तरफ, बिडेन ने ट्रंप पर लोकतांत्रिक सरकारों के बजाय तानाशाहों की तारीफ और मदद करने का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राष्ट्रपति ने देश में नस्लवाद और बंटवारे का जहर फैलाया है।
इसके बाद बिडेन ने पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के साथ मिशिगन पहुंचकर अश्वेतों को लामबंद करने की कोशिश की। इस दौरान दोनों नेताओं ने जॉर्ज फ्लॉयड, ब्रेयोना टेलर और जैकब ब्लैक जैसे बेकसूर अश्वेतों की मिसाल देते हुए ट्रंप को घेरा। उधर, ट्रंप ने भी रोचेस्टर की एक रैली में कहा कि बिडेन एक भ्रष्ट नेता हैं जिन्होंने अमेरिका को 47 साल तक धोखा दिया है।
वो आंखों में देख, पीछे घूमकर पीठ में छुरा भोंकेंगे : ट्रंप
राष्ट्रपति ट्रंप ने मिनेसोटा की रैली में अपनी ताकत का एहसास डेमोक्रेटिक पार्टी को कराया। उन्होंने प्रतिद्वंद्वी जो बिडेन पर आरोप लगाया कि वह आपकी आंखों में देखेंगे और पीछे घूमकर आपकी पीठ पर छुरा भोंक देंगे। उन्हें (बिडेन) केवल सत्ता हासिल करने की चिंता है। ट्रंप ने अपने समर्थकों से कहा कि वे 3 नवंबर के मतदान में उन्हें जीत दिलाकर ही अपनी गरिमा की रक्षा कर सकते हैं।
कोरोना पर वित्तीय लाभ के लिए झूठ बोल रहे डॉक्टर
अमेरिका में कोविड-19 संक्रमण और इससे हो रही मौतों को लेकर ट्रंप ने डॉक्टरों को चालाक बताते हुए कहा, अमेरिकी डॉक्टर वित्तीय लाभ के लिए महामारी से मौत के बारे में झूठ बोल रहे हैं। उन्होंने कहा यदि आपका दिल खराब है या आप कैंसर पीड़ित हैं तो भी डॉक्टर उनकी मौत को कोरोना से हुई बताते हैं। क्योंकि यदि आप कोविड-19 से मरते हैं तो डॉक्टरों को ज्यादा पैसा मिलता है।
डॉक्टरों-नर्सों को कैसे कुसूरवार ठहरा सकते हैं : बिडेन
डेमोक्रेट प्रत्याशी जो बिडेन ने ट्रंप पर निशाना साधते हुए कहा कि वे कोरोना वायरस के सामने हथियार डाल चुके हैं। वे अब कोरोना से हो रही मौतों के लिए हमारे स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को दोषी ठहरा रहे हैं। आप डॉक्टर्स और नर्स को कैसे कसूरवार ठहरा सकते हैं। वे रोज अस्पतालों और मेडिकल केयर सेंटर्स जाते हैं। अपनी जिंदगी खतरे में डालते हैं ताकि लोगों की जान बचाई जा सके।