टेस्टिंग के लिए राज्यों को पैसा देगा अमेरिका (फाइल फोटो)
- फोटो : ANI
डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन अमेरिका में कोरोना वायरस परीक्षण को बढ़ाने के लिए 11 बिलियन डॉलर (लगभग 77 हजार करोड़ रुपये) आवंटित करेगा। इस बात की घोषणा सोमवार को व्हाइट हाउस के अधिकारी ने दी। अधिकारी ने कहा, 'हम राज्यों को 11 बिलियन अमेरीकी डॉलर दिए जाने की घोषणा कर रहे हैं। यह सीधे तौर पर टेस्टिंग में मदद के लिए है।'
यह फंड केयर्स एक्ट से दिया जाएगा। जिसके लिए कांग्रेस ने अनुमति दे दी है और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हस्ताक्षर कर दिए हैं। अधिकारी ने कहा, 'राज्य हमें कुछ ही हफ्तों में टेस्टिंग कार्यक्रम की पूरी जानकारी दे देंगे। हमने उनसे उनकी रणनीति और लक्ष्य मांगे है ताकि केवल उन लोगों का ही परीक्षण न किया जाए जो बीमार हैं और उन्हें इलाज की जरूरत है बल्कि कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग और सर्विलांस भी किया जाए।'
पत्रकारों को संबोधित करने के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि अमेरिका इस हफ्ते 10 मिलियन कोरोना वायरस टेस्टिंग को पूरा कर लेगा। उन्होंने कहा, 'इस हफ्ते अमेरिका 10 मिलियन से ऊपर परीक्षण कर लेगा। यह किसी भी अन्य देश की संख्या से लगभग दोगुना है। हम दक्षिण कोरिया, यूनाइटेड किंगडम, फ्रांस, जापान, स्वीडन, फिनलैंड और कई अन्य देशों की तुलना में प्रति व्यक्ति अधिक लोगों का परीक्षण कर रहे हैं।'
सोमवार सुबह तक टेस्टिंग का यह आंकड़ा नौ मिलियन था, जो प्रति दिन 300,000 तक बढ़ गया है। डाटा के अनुसार अमेरिका में सोमवार तक कोरोना वायरस संक्रमण के कारण 80 हजार लोगों की मौत हो चुकी है जबकि संक्रमितों की संख्या 1,344,512 है।