फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दुनिया भर में दिवाली की धूम: दुबई के शासक से सिंगापुर के राष्ट्रपति तक, वैश्विक नेताओं ने दी दीपावली की बधाई

Sun, 08 Nov 2026 02:35 PM IST
देवेश त्रिपाठी वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला

सार

दीपावली का उत्साह भारत की सीमाओं से निकलकर दुनिया के कई देशों तक पहुंचा। वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति ने काराकास में भारतीय दूतावास के कार्यक्रम में हिस्सा लेकर भारत को शुभकामनाएं दीं। सिंगापुर के राष्ट्रपति ने पारंपरिक दक्षिण भारतीय व्यंजन बनाकर त्योहार मनाया और देश की बहुसांस्कृतिक पहचान का संदेश दिया।
विज्ञापन
वैश्विक नेताओं ने दी भारत को दिवाली की शुभकामनाएं - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिवाली का त्योहार भारत के साथ दुनिया के कई देशों में भी उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक दीपावली के त्योहार के अवसर पर विश्व भर के नेताओं और राजनयिकों ने शुभकामनाएं दी हैं। 
विज्ञापन


संयुक्त अरब अमीरात के उपराष्ट्रपति और दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने दीपावली पर शांति, सुख और समृद्धि की कामना की है। भारत में यूरोपीय संघ के राजदूत जीन-एरिक पाके ने अपनी पहली दीपावली के अनुभव साझा करते हुए इसे सुंदर अनुभव बताया।

इस्राइल ने शांति और नई उम्मीद की कामना की
इस्राइल के विदेश मंत्रालय ने भी दिवाली मनाने वाले लोगों को शुभकामनाएं दीं। मंत्रालय ने त्योहार के जरिए शांति, नई शुरुआत और उम्मीद का संदेश दिया। सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में मंत्रालय ने कहा कि दिवाली अंधकार पर प्रकाश की जीत का प्रतीक है।
विज्ञापन


मंत्रालय ने लिखा, "जब दुनिया भर में लाखों लोग अंधकार पर प्रकाश की जीत का उत्सव मनाने के लिए अपने दीये जला रहे हैं, तब इस्राइल शांति, नई शुरुआत और उम्मीद की हार्दिक शुभकामनाएं देता है। दिवाली की रोशनी सिर्फ घरों में ही नहीं, बल्कि लोगों के दिलों में भी चमकती रहे।" इस्राइल के विदेश मंत्रालय ने उम्मीद जताई कि यह त्योहार लोगों के भीतर बेहतर भविष्य को लेकर विश्वास मजबूत करेगा और दिवाली मनाने वाले सभी लोगों के जीवन में शांति और खुशियां लेकर आएगा।

अल्बनीज ने दिवाली को बताया प्रकाश की जीत का उत्सव
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने दीपावली मनाने वाले सभी लोगों को शुभकामनाएं देते हुए इसे प्रकाश की जीत का बड़ा उत्सव बताया। उन्होंने कहा कि यह त्योहार अलग-अलग धर्मों और संस्कृतियों के लोगों को एक साथ जोड़ता है। अल्बनीज ने कहा, "मैं दीपावली मनाने वाले सभी लोगों को प्रकाश की जीत के इस महान उत्सव पर अपनी हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।"

उन्होंने कहा कि हिंदू, जैन, सिख और बौद्ध समुदायों के लिए दीपावली का गहरा सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व है। यह आध्यात्मिक और व्यक्तिगत नवीनीकरण की प्राचीन परंपरा है, जो उदारता और नई शुरुआत के भाव से जुड़ी है।
ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री ने कहा कि इस त्योहार के प्रतीक और मूल्य धर्म तथा संस्कृति की सीमाओं से आगे बढ़कर सभी को करुणा और आपसी समझ का संदेश देते हैं।

दुनियाभर के देशों ने दी भारत को दिवाली की शुभकामनाएं
दक्षिण कोरिया के दूतावास ने दीये सजाने की कार्यशाला आयोजित की। वहीं, नॉर्वे जर्मनी और डेनमार्क के राजदूतों ने भी शुभकामनाएं दीं। जापान के दूतावास ने विशेष भोज का आयोजन कर दिवाली मनाई। इससे पहले अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में दीया जलाकर दिवाली मनाई। इस अवसर पर भारतीय-अमरीकी समुदाय के लोगों के साथ अमरीका में भारत के राजदूत विनय क्वात्रा भी मौजूद थे।

वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति ने मनाया दिवाली का त्योहार
वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने राजधानी काराकास में आयोजित दिवाली समारोह में हिस्सा लिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित भारत के लोगों को शुभकामनाएं दीं। वेनेजुएला की सरकार और भारतीय दूतावास ने संयुक्त रूप से राजधानी काराकास में दिवाली समारोह का आयोजन किया। इसमें कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज, कई मंत्री, वरिष्ठ सरकारी अधिकारी और राजनयिक शामिल हुए।

वेनेजुएला में भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि राष्ट्रपति रोड्रिगेज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत के लोगों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं। समारोह में वेनेजुएला के कलाकारों ने भारतीय शास्त्रीय नृत्य की प्रस्तुति भी दी।

संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार प्रमुख वोल्कर तुर्क ने दी दिवाली की शुभकामनाएं
संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार उच्चायुक्त वोल्कर तुर्क ने रविवार को दुनिया भर में रोशनी का त्योहार दिवाली मनाने वाले लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दीये की रोशनी इस बात का प्रतीक है कि छोटे-छोटे प्रयास भी अंधकार को दूर कर सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।

सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में तुर्क ने पारंपरिक दीये को प्रकाश की शक्ति और व्यक्तिगत प्रयासों से बदलाव लाने की क्षमता का प्रतीक बताया।

उन्होंने कहा, "जलते हुए दीये की गर्म और सौम्य रोशनी हमेशा इस बात की खूबसूरत याद दिलाती है कि थोड़ी-सी रोशनी भी अंधकार को दूर कर सकती है और छोटे-छोटे प्रयास सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। दुनिया भर में दिवाली मनाने वाले सभी लोगों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं।" संयुक्त राष्ट्र ने भी दिवाली मनाने वाले लोगों को बधाई दी। संगठन ने मिट्टी के दीयों को आशा, ज्ञान की खोज और समृद्धि का प्रतीक बताया।

सिंगापुर के राष्ट्रपति ने इडियप्पम बनाने की चुनौती में लिया हिस्सा
सिंगापुर के राष्ट्रपति थर्मन शनमुगरत्नम ने भी दीपावली के मौके पर एक खास अंदाज में त्योहार मनाया। उन्होंने स्थानीय कलाकार दास डीडी के साथ पारंपरिक दक्षिण भारतीय व्यंजन इडियप्पम बनाने की चुनौती में हिस्सा लिया। इस दौरान उनकी पत्नी जेन युमिको इटोगी और शिक्षाविद डॉ. शैरीन सलामत भी मौजूद रहीं।

इडियप्पम को सिंगापुर, मलेशिया और इंडोनेशिया में पुटु मायम के नाम से भी जाना जाता है। राष्ट्रपति ने इंस्टाग्राम पर साझा किए गए एक वीडियो में इस व्यंजन को बनाने की चुनौती और उससे जुड़ी बातचीत की झलक दिखाई। मजेदार अंदाज में बातचीत शुरू करते हुए राष्ट्रपति थर्मन ने कहा, "यह युवा मुझे चुनौती देना चाहता है कि हम दोनों में से कौन बेहतर इडियप्पम बना सकता है।"

कई देशों और राजनयिक मिशनों ने दी शुभकामनाएं
दिवाली के जश्न में कई अन्य देशों और राजनयिक मिशनों ने भी हिस्सा लिया। भारत में रूस के राजदूत डेनिस अलीपोव ने भारतीयों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रोशनी बांटने का त्योहार भारत और रूस के बीच आपसी सम्मान और सद्भाव की भावना को दर्शाता है। भारत में अमेरिकी दूतावास ने भी लोगों को रोशनी और खुशियों से भरी दिवाली की शुभकामनाएं दीं।

अमेरिका और कनाडा में भारतीय राजनयिक मिशनों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सामुदायिक आयोजनों के जरिए दिवाली मनाई। न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होचुल और वाशिंगटन के गवर्नर बॉब फर्ग्यूसन ने अपने-अपने राज्यों में 8 नवंबर को दिवाली दिवस घोषित किया।

किन-किन देशों में मनाई गई दिवाली?
भारत में कोरिया गणराज्य के दूतावास ने दिवाली 2026 के मौके पर दीया सजाने की विशेष कार्यशाला आयोजित की। वहीं, जेद्दा स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने शांति, समृद्धि और सद्भाव की कामना करते हुए लोगों को शुभकामनाएं दीं। दक्षिण पूर्व एशियाई देशों के संगठन आसियान ने भी क्षेत्र में दीपावली मनाने वाले समुदायों को बधाई दी। संगठन ने लोगों के जीवन में खुशियों, आपसी मेलजोल और परिवार के साथ यादगार पलों की कामना की।

इससे पहले अमेरिका और कनाडा में भारतीय राजनयिक मिशनों ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामुदायिक समारोह आयोजित किए थे। इनमें स्थानीय प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और भारतीय संस्कृति के साथ विदेशों में रह रहे भारतीय समुदाय के योगदान को सम्मान दिया।

8 नवंबर को मनाई जा रही मुख्य दिवाली
भारत में मुख्य दिवाली और लक्ष्मी पूजा 8 नवंबर को मनाई जा रही है। इससे पहले 6 नवंबर को धनतेरस और 7 नवंबर को छोटी दिवाली मनाई गई। 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा और 11 नवंबर को भाई दूज का त्योहार मनाया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें