अमेरिका के व्हाइट हाउस में दिवाली समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन समेत अंतरिक्ष से सुनीता विलियम्स ने वीडियो साझा कर पूरी दुनिया को दिवाली की शुभकामनाएं दी। भारतीय मूल की सुनीता विलिसम्स ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से दिवाली की शुभकामनाएं। मैं व्हाइट हाउस और दुनिया भर में आज दिवाली मना रहे सभी लोगों को दिवाली की हार्दिक शुभकामनाएं देना चाहती हूं।
उन्होंने कहा कि इस साल मुझे आईएसएस पर पृथ्वी से 260 मील ऊपर से दिवाली मनाने का अनूठा अवसर मिला है। मेरे पिता ने हमें दिवाली और अन्य भारतीय त्योहारों के बारे में सिखाकर अपनी सांस्कृतिक जड़ों को बनाए रखा और साझा किया। उन्होंने कहा कि दिवाली खुशी का समय है क्योंकि दुनिया में अच्छाई कायम है। आज हमारे समुदाय के साथ दिवाली मनाने और हमारे समुदाय के कई योगदानों को पहचानने के लिए राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति को धन्यवाद।
राष्ट्रपति बाइडन ने दी शुभकामनाएं
अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स से पहले अमेरिका के राष्ट्रपति ने व्हाइट हाउस में दिवाली समारोह पर अपने संबोधन के दौरान कहा कि दक्षिण-एशियाई अमेरिकी समुदाय ने अमेरिकी जीवन के हर हिस्से को समृद्ध किया है। आपका समुदाय दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ने वाला और सबसे अधिक जुड़ा हुआ समुदाय है। उन्होंने कहा कि अब व्हाइट हाउस में दिवाली खुले तौर पर और गर्व से मनाई जाती है। यह मेरा घर नहीं है, यह आपका घर है।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आज हम एक महत्वपूर्ण मोड़ का सामना कर रहे हैं। हर कुछ पीढ़ियों में एक बार हमें याद दिलाया जाता है कि अमेरिका के विचार को हल्के में न लें। राष्ट्रपति ने कहा कि अमेरिकी लोकतंत्र कभी आसान नहीं रहा है। हमारे जैसे विविधतापूर्ण देश में, हम बहस करते हैं, हम असहमति जताते हैं, लेकिन महत्वपूर्ण बात यह है कि हम कभी यह नहीं भूलते कि हम यहां कैसे और क्यों पहुंचे।
केवल अमेरिका में ही कुछ भी संभव- बाइडन
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने दिवाली समारोह पर आगे कहा कि मेरी पत्नी जिल बिडेन यहां आना चाहती थीं, लेकिन वह विस्कॉन्सिन जा रही हैं और कमला हैरिस भी अपनी यात्रा कर रही हैं। उन्होंने वहां उपस्थित लोगों से कहा कि आप जानते हैं, मैंने कई कारणों से कमला को अपना साथी चुना है।
उन्होंने कहा कि वह स्मार्ट हैं, वह मजबूत हैं, उन पर भरोसा किया जा सकता है। उनके पास उन सभी लोगों की तुलना में अधिक अनुभव है, जिनके खिलाफ वह चुनाव लड़ रही हैं। लेकिन सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि उनके पास चरित्र है। एक चीज जिससे हम दोनों जुड़े, वह थी हमारी माताओं ने उनके जीवन में जो भूमिका निभाई। केवल अमेरिका में ही, कुछ भी संभव है।