जॉर्डन के पूर्व राजा द्वारा अमेरिकी रानी से पैदा हुए सबसे छोटे बेटे हमजा को युवराज घोषित करने और उनकी मौत के बाद अन्य बेटों द्वारा सत्ता पर पकड़ बनाने का विवाद जारी है। इस बीच, जॉर्डन के अधिकारियों ने कहा है कि उन्होंने पूर्व युवराज हमजा की विदेशी मदद से शाही परिवार को अस्थिर करने की ‘साजिश’ को नाकाम कर दिया है।
यह बयान पूर्व युवराज हमजा के उस दावे के उलट है, जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्हें भ्रष्टाचार और अयोग्यता के आरोप लगाने के कारण दंडित किया जा रहा है। बता दें कि अमेरिका और अरब की सरकारों ने जॉर्डन के शाह अब्दुल्ला द्वितीय का समर्थन किया है।
युवराज हमजा के शाह अब्दुल्ला का नाम लिए बिना सत्तारूढ़ वर्ग की आलोचना करने से जॉर्डन में कुशासन और मानवाधिकारों की शिकायतों का मामला तूल पकड़ सकता था। लेकिन शाह के कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए अपने सौतेले भाई को नजरबंद करने और उस पर गंभीर आरोप लगाने से स्पष्ट है कि वे किस हद तक जनता का असंतोष सहने को तैयार हैं।
जॉर्डन के विदेश मंत्री और उप प्रधानमंत्री अयमान सफादी ने कहा, ‘राजपरिवार की स्थिरता और सुरक्षा सर्वोपरि है।’ उन्होंने कहा विदेशी मदद से सत्ता को अस्थिर करने की साजिश पूरी तरह नाकाम कर दी गई है।
मामला चलाने पर स्पष्टता नहीं
हमजा जॉर्डन में एक लोकप्रिय शख्सियत हैं जिन्हें बहुत नेकदिल और उदारवादी माना जाता है। लेकिन सफादी ने टेलीविजन पर अपने संबोधन में इसके बिल्कुल उलट उनकी तस्वीर पेश की और उन पर राष्ट्रीय सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने की साजिश रचने का आरोप लगाया। हालांकि सफादी ने यह नहीं बताया कि क्या इन अपराधों के लिए युवराज पर मामला चलाया जाएगा या इसे सौहर्दपूर्ण तरीके से सुलझाया जाएगा।