पीएनबी घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग केस में आरोपी भगोड़े हीरा कारोबारी नीरव मोदी को बृहस्पतिवार को लंदन की अदालत में पेश किया जाएगा, जहां उसे भारत प्रत्यर्पित करने को लेकर सुनवाई होगी। इस महीने की शुरुआत में वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट कोर्ट ने तीसरी बार नीरव की जमानत की अर्जी खारिज कर दी थी, जिसके बाद से वह लंदन की वैंड्सवर्थ जेल में बंद है।
नीरव को जज एमा आर्बुथनॉट की अदालत में पेश किया जाएगा। इस दौरान नीरव के प्रत्यर्पण से जुड़ी सुनवाई के लिए एक व्यापक समयसीमा निर्धारित किए जाने की संभावना है।
इससे पहले, 8 मई को हुई सुनवाई में अर्बुथनॉट ने नीरव की जमानत अर्जी खारिज करते हुए कहा था कि यह धोखाधड़ी काफी बड़ी है और जमानत राशि दोगुनी कर 20 लाख पाउंड करने के बावजूद आत्मसमर्पण करने में विफल रहने को लेकर कोर्ट की चिंता दूर नहीं होती है सुनवाई के दौरान भारत सरकार की तरफ से कोर्ट को बताया गया कि अगर नीरव को जमानत दी गई तो वह गवाहों और सुबूतों को प्रभावित कर सकते हैं।
नीरव को 19 मार्च को स्कॉटलैंड यार्ड ने लंदन के मेट्रो बैंक की ब्रांच के बाहर से गिरफ्तार किया था, जहां वह अपना खाता खुलवाने गया था। नीरव मोदी ने यह भी पेशकश रखी थी कि जमानत मिलने पर वह चौबीसों घंटे अपने लंदन वाले फ्लैट में ही रहेंगे।